Published On: Sat, May 23rd, 2026

मोरहर नदी पर बनेगा 27 करोड़ का पक्का बांध: तीन जिले के किसानों को मिलेगा फायदा, गयाजी से अरवल-जहानाबाद तक किसानों को होगी आसानी – Gaya News




गयाजी के टिकारी प्रखंड के किसानों के लिए आज का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। वर्षों से सिंचाई की समस्या झेल रहे इलाके को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लाव पंचायत के पंचमहला गांव में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मोरहर नदी पर बनने वाले पक्का बांध व चेक डैम निर्माण योजना का शिलान्यास किया। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना से गया के साथ-साथ अरवल और जहानाबाद जिले के किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। पंचमहला गांव में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह चरम पर था। किसान, महिलाएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। गांव से लेकर टिकारी बाजार तक पूरे इलाके में कार्यक्रम की चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी जहानाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शकूराबाद, कुर्था बाजार, संडा, मऊ और टिकारी बाजार होते हुए पंचमहला गांव पहुंचे। रास्ते में कई जगहों पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ योजना की जानकारी ली और फिर मंच से लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की सिंचाई समस्या दूर करने को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मोरहर नदी पर बनने वाला यह पक्का बांध और चेक डैम इलाके के किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे खेती के लिए सालभर पानी उपलब्ध हो सकेगा। किसानों को अब बारिश पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है और सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाओं और ग्रामीणों का आभार जताया सभा में मौजूद ग्रामीण महिलाओं को भी उपमुख्यमंत्री ने संबोधित किया। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने पर महिलाओं और ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह यह दिखाता है कि यह योजना किसानों के लिए कितनी जरूरी है। जानकारी के अनुसार इस योजना का लाभ टिकारी प्रखंड के रूपसपुर, संडा, केसपा, चैता, मखदुमपुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों को मिलेगा। साथ ही अरवल और जहानाबाद जिले के कई इलाकों के किसानों को भी सिंचाई सुविधा का फायदा पहुंचेगा। किसानों का कहना है कि हर साल पानी की कमी के कारण खेती प्रभावित होती थी। धान और गेहूं जैसी फसलों की पैदावार पर असर पड़ता था। कई बार खेत खाली छोड़ने की नौबत आ जाती थी। अब बांध और चेक डैम बनने के बाद खेती आसान होगी और उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी। गौरतलब है कि इस योजना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कई जनप्रतिनिधियों और किसानों ने लगातार सरकार और प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया था। साल 2025 में जल संसाधन विभाग की टीम ने स्थल निरीक्षण कर नदी की मापी भी की थी। इसके बाद योजना को मंजूरी मिली। कार्यक्रम में पूर्व सांसद अरुण कुमार और पूर्व मंत्री अनिल कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि किसानों की सिंचाई समस्या को देखते हुए लगातार इस योजना को लेकर प्रयास किया गया। अब शिलान्यास होने के बाद किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक महकमा भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। डीएम शशांक शुभंकर के निर्देश पर टिकारी एसडीओ प्रवीण कुंदन, बीडीओ योगेंद्र पासवान, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर समेत कई अधिकारी सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। टिकारी डीएसपी शुशांत कुमार चंचल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>