Published On: Sat, May 23rd, 2026

सहरसा में दो मासूम भाई-बहन की मौत: घर के बाहर खेलते वक्त पैर फिसलने से गड्ढे में डूबे, मजदूरी पर गए थे माता-पिता – Saharsa News




सहरसा के पतरघट थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद दो परिवारों में कोहराम मच गया। मृत दोनों बच्चे चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। मृत बच्चों की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के मानिकपुरपट्टी वार्ड संख्या-09 निवासी रामकुमार सादा की ढाई वर्षीय पुत्री श्वेता कुमारी और जय कुमार सादा के तीन वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है। मजदूरी पर गए थे परिजन, घर के बाहर खेल रहे थे बच्चे परिजनों के अनुसार शनिवार की सुबह गांव के अधिकांश महिला और पुरुष खेतों में मजदूरी करने तथा मकई छीलने के काम से गए हुए थे। इसी दौरान बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते ढाई वर्षीय श्वेता कुमारी घर के समीप बने करीब चार फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। इसे देखकर उसका तीन वर्षीय चचेरा भाई दिव्यांशु उसे बचाने के लिए गड्ढे की ओर दौड़ा, लेकिन वह भी पानी भरे गड्ढे में डूब गया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण दोनों बच्चों को समय पर नहीं बचाया जा सका। काफी खोजबीन के बाद मिला दोनों का शव परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद जब बच्चों की आवाज नहीं सुनाई दी तो स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों का शव घर के पास बने गड्ढे में पड़ा मिला। यह देखते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया घटना की जानकारी मिलने के बाद पतरघट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में पसरा मातम घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे हमेशा साथ खेलते थे। किसी ने नहीं सोचा था कि खेल-खेल में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में खुले गड्ढों को भरवाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>