दावा- अमेरिकी विमान कतर के एयरस्पेस से लापता: इमरजेंसी सिग्नल देकर रडार से गायब हुआ; ईरानी एजेंसी बोली- हमारा कोई रोल नहीं
>
- Hindi News
- International
- Iran US War Current Situation LIVE Update; Donald Trump Hormuz Strait | Merchant Ships Missile Attack
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान की फाइल फुटेज।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान कतर के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल देने के बाद लापता हो गया। KC-135 स्ट्रैटोटैंकर को ‘फ्लाइंग गैस स्टेशन’ कहा जाता है, क्योंकि यह हवा में अन्य सैन्य विमानों को ईंधन भरने में सक्षम है।
ईरान की फॉर्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विमान ने उड़ान के दौरान ‘7700’ इमरजेंसी सिग्नल भेजा। यह सिग्नल तब दिया जाता है जब विमान में कोई गंभीर समस्या हो। हालांकि इसमें ईरान की किसी भी भूमिका की बात नहीं कही गई।
यह विमान UAE के अल धफरा एयर बेस से उड़ा था और फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहा था। इसी दौरान कतर के पास उसका सिग्नल कुछ समय के लिए गायब हो गया। फ्लाइट डेटा के मुताबिक, विमान कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और फिर नीचे उतरने लगा।
अभी तक यह साफ नहीं है कि विमान में क्या खराबी आई थी। यह भी नहीं पता कि यह कोई तकनीकी समस्या थी या कुछ और। अमेरिका ने इसे लेकर जानकारी शेयर नहीं की है।
पिछले 24 घंटे के 4 बड़े अपडेट्स…
1. UAE के पेट्रोलियम प्लांट पर हमला: ईरान ने UAE के फुजैराह में एक पेट्रोलियम प्लांट पर ड्रोन हमला किया। इससे इंडस्ट्री एरिया में आग भड़क उठी। इसमें 3 भारतीय भी घायल हुए हैं।
2. प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू: अमेरिका ने होर्मुज के आसपास प्रोजेक्ट फ्रीडम पहल शुरू किया। इसके तहत होर्मुज में फंसे विदेशी जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करने का वायदा किया गया है।
3. साउथ कोरियाई जहाज पर हमला: होर्मुज स्ट्रेट में दक्षिण कोरिया के एक जहाज पर हमला हुआ जिससे आग लग गई। ट्रम्प का कहना है कि यह हमला ईरान ने किया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
4. जब्त ईरानी जहाज सौंपा: अमेरिकी सेना ने जब्त ईरानी जहाज टूस्का को पाकिस्तान को सौंप दिया। इसे 22 क्रू मेंबर के साथ ईरान भेजा गया। अमेरिकी नेवी ने 21 अप्रैल को इस जहाज को पकड़ा था।
5. ईरान में तीन लोगों को फांसी: ईरान में मोसाद से जुड़े होने के आरोप में लोगों को फांसी दे दी गई। इन पर जनवरी 2026 में तख्तापटल की साजिश का आरोप था। इस साल 25 राजनीतिक कैदियों को फांसी दी जा चुकी है।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
12:18 AM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान से समझौते की कोशिश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही से जुड़े ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को कुछ समय के लिए रोका जा रहा है। यह फैसला ईरान के साथ संभावित समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लिया गया है।
ट्रम्प के मुताबिक, यह कदम पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध पर उठाया गया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि ईरान के खिलाफ लगाया गया ब्लॉकेड अभी भी जारी रहेगा।
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में अमेरिका को बड़ी सफलता मिली है। साथ ही, ईरान के प्रतिनिधियों के साथ समझौते को लेकर काफी प्रगति भी हुई है।
उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों ने मिलकर फैसला किया है कि जहाजों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोका जाए, ताकि समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके।
ट्रम्प के बयान के मुताबिक, यह एक अस्थायी कदम है और इसका मकसद यह देखना है कि क्या दोनों पक्ष अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं या नहीं।
12:16 AM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हॉर्मुज पर UN में नया प्रस्ताव, ईरान से हमले-टोल रोकने की मांग
अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने और जहाजों की आवाजाही बहाल करने के लिए नया प्रस्ताव पेश किया है। इसमें ईरान से हमले, माइंस बिछाने और टोल वसूली तुरंत रोकने को कहा गया है।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि यह प्रस्ताव UN के लिए एक “बड़ी परीक्षा” है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान इस रास्ते पर दबाव बनाकर दुनिया की अर्थव्यवस्था को बंधक बना रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, यह प्रस्ताव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के निर्देश पर बहरीन, सऊदी अरब, UAE, कुवैत और कतर के साथ मिलकर तैयार किया गया है।
प्रस्ताव में ईरान से कहा गया है कि वह जहाजों पर हमले बंद करे, समुद्र में बिछाई गई माइंस की संख्या और लोकेशन बताए और उन्हें हटाने में सहयोग करे। साथ ही मानवीय कॉरिडोर बनाने का भी समर्थन किया गया है।
रूबियो ने कहा कि अगर इतने साधारण मुद्दे पर भी देश एकजुट नहीं होते, तो UN की उपयोगिता पर सवाल उठेंगे। अगर दुनिया के देश इसका समर्थन नहीं करते, तो फिर UN सिस्टम का क्या मतलब है।
उन्होंने यह भी कहा कि हॉर्मुज में अस्थिरता से दुनिया के कई देशों की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है और व्यापार बाधित हो सकता है।
10:28 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने फिर पोप लियो पर साधा निशाना
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर पोप लियो XIV की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पोप के बयान दुनिया को कम सुरक्षित बना रहे हैं और ईरान के मुद्दे पर उनका रुख गलत है।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, ट्रम्प ने इंटरव्यू में कहा कि पोप ईरान को परमाणु हथियार रखने की छूट देने की बात कर रहे हैं। हालांकि, पोप ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने हमेशा शांति वार्ता की बात की है और ईरान के साथ युद्ध का विरोध किया है।
वहीं पोप लियो ने ट्रम्प के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि कैथोलिक चर्च हमेशा से परमाणु हथियारों के खिलाफ रहा है और वह शांति और संवाद की बात कर रहे हैं। चर्च का काम शांति का संदेश देना है। अगर कोई आलोचना करता है तो वह सच के साथ करे।
08:56 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
रूबियो बोले- राष्ट्रपति ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ की घोषणा की है
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ईरान के मुद्दे पर कहा कि राष्ट्रपति ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ की घोषणा की है, जिसका मकसद ईरानी शासन द्वारा फारसी खाड़ी में फंसाए गए 87 देशों के लगभग 23,000 नागरिकों को बचाना है। 2 महीने से ज्यादा समय से, निर्दोष नाविक और कमर्शियल क्रू सदस्य समुद्र में फंसे हुए हैं, क्योंकि ईरान ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में एक आपराधिक और विनाशकारी नाकेबंदी कर रहा है। ये जहाझ इस ‘समुद्री डकैती’ के रहम पर हैं। इनमें से कुछ पर गोलियां चलाई गई हैं और उन पर बेमतलब के हमले किए गए हैं। ये निर्दोष लोग और उन देशों के जहाज हैं, जिनका इस सबसे कोई लेना-देना नहीं है।
08:53 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
रूबियो बोले- मिडिल ईस्ट में हिंसा की जड़ हिज्बुल्लाह
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि इजराइल और लेबनान के बीच संघर्ष की असली वजह हिज्बुल्लाह है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संगठन लेबनान की जमीन से इजराइल पर हमले करता है और इसी वजह से लेबनान को भी नुकसान झेलना पड़ता है।
रूबियो ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि लेबनान और इजराइल की सरकारें बातचीत की टेबल पर आएं। इसके लिए लेबनान की सेना और सरकार को हिज़्बुल्लाह को चुनौती देने और उसे निरस्त्र करने की क्षमता बढ़ानी होगी।
रूबियो ने कहा कि हिज्बुल्लाह लेबनान के अंदर से काम करता है और वह सिर्फ इजराइल ही नहीं, बल्कि लेबनान के लोगों को भी भारी नुकसान पहुंचाता है। इजराइल की ओर से लेबनान पर हमले की वजह भी यही संगठन है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिज्बुल्लाह ईरान की एक तरह की शाखा है, जो इलाके को अस्थिर करने के लिए काम करती है। हमास, हिज्बुल्लाह और कुछ हद तक हूती जैसे संगठनों के पीछे भी तेहरान का हाथ है।
उनके मुताबिक इन सभी समूहों के पीछे ईरान है और ये क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का काम करते हैं। अमेरिका की कोशिश है कि बातचीत के जरिए समाधान निकले, लेकिन इसके लिए लेबनान सरकार को मजबूत भूमिका निभानी होगी।
08:43 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
UN की ईरान को प्रतिबंध की सख्त चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र में एक प्रस्ताव लाया गया है, जिसमें ईरान को चेतावनी दी गई है कि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले और टोल वसूली बंद करे। ऐसा नहीं करने पर उस पर प्रतिबंध और अन्य सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, अमेरिका और खाड़ी देशों के इस प्रस्ताव में ईरान से समुद्र में बिछाई गई माइंस की जानकारी देने और मानवीय कॉरिडोर बनाने में सहयोग की भी मांग की गई है।
इससे पहले ऐसा ही प्रस्ताव चीन और रूस ने वीटो कर दिया था। यह उस समय हुआ था, जब अप्रैल की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ था।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आरोप लगाया कि ईरान स्ट्रेट को बंद करने और जहाजों को धमकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव पर जल्द वोटिंग हो सकती है।
UN में अमेरिका के राजदूत माइक वॉल्ट्ज ने कहा कि नया प्रस्ताव पास हो सकता है, क्योंकि यह पहले से सीमित है और वीटो की संभावना कम है।
यह प्रस्ताव UN चार्टर के चैप्टर 7 के तहत है, यानी जरूरत पड़ने पर इसे सैन्य ताकत से लागू किया जा सकता है। देशों को अपने जहाजों की रक्षा का अधिकार भी दिया गया है।
05:20 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- होर्मुज में हमारे तय रास्ते से ही गुजरें, बाकी जगह खतरा
ईरानी नौसेना ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे होर्मुज से सिर्फ उसी रास्ते से गुजरें, जिसे ईरान ने तय किया है। ईरान ने कहा है कि अगर कोई जहाज किसी दूसरे रास्ते से जाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ईरान का कहना है कि उसके बताए रास्ते ही सुरक्षित हैं और बाकी रास्तों पर जाना खतरे से भरा हो सकता है।
05:06 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान बोला- उम्मीद है जल्द जंग खत्म हो जाएगी
पाकिस्तान के विदेशमंत्री इशाक डार ने कहा है कि ईरान जंग खत्म करने के लिए लगातार बातचीत चल रही है।
उन्होंने बताया कि बातचीत में काफी डेवलपमेंट हुआ है और खाड़ी देशों पर हमले रोकने की कोशिश भी की गई है।
इशाक डार के मुताबिक, कई देशों का समर्थन मिल रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही यह संघर्ष खत्म हो सकता है।
04:44 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प का दावा- ईरान की सेना पूरी तरह खत्म
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह खत्म कर दिया है। ट्रम्प ने कहा कि अब ईरान के पास सिर्फ छोटी नावें बची हैं, जिन पर मशीन गन लगी होती है। ईरान के सभी बड़े जहाज समुद्र में डूब चुके हैं।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ट्रम्प ने कहा कि ऐसे लोगों को परमाणु हथियार नहीं मिलने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इस युद्ध में अच्छा कर रहा है और ईरान को बुरी तरह हरा दिया गया है।
04:30 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान समझौता करना चाहता है
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि ईरान अब समझौता करना चाहता है। ट्रम्प के मुताबिक, अगर यह युद्ध नहीं होता तो ईरान पूरे मिडिल ईस्टपर कब्जा करने की कोशिश करता। उन्होंने कहा कि अब ईरान अपने हालात संभालने में लगा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में कड़ी नाकेबंदी है और उस पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल है। कोई भी इस नाकेबंदी को तोड़ नहीं सकता। दक्षिण कोरिया के जहाज पर हुए हमले को लेकर ट्रम्प ने कहा कि वह जहाज अकेला था और अमेरिकी सुरक्षा में नहीं था।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान उनसे बातचीत में सम्मान दिखाता है, लेकिन बाद में मीडिया में कहता है कि कोई बातचीत नहीं हुई।
04:06 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
UAE पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले
UAE ने कहा है कि उस पर ईरान की तरफ से मिसाइल और ड्रोन से हमला हुआ। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अलग अलग जगहों पर जो तेज आवाजें सुनी गईं वे इन हमलों को रोकते समय हुईं। उसके डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल और ड्रोन को आसमान में ही रोक लिया।
03:54 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हवाई हमले और गोलाबारी
इजराइली सेना ने लेबनान के दक्षिणी हिस्सों में हमले तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल ने अल सय्याद और अल मंसूरी इलाकों में तीन हवाई हमले किए। ये इलाके टायर जिले में आते हैं।
इससे पहले इजराइली विमानों ने कौनिन इलाके में भी दो बार हमला किया, जो बिंत जुबैल जिले में है।
इसी जिले के कौनिन और बैत यहून इलाकों में गोलाबारी भी की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसमें फॉस्फोरस बम इस्तेमाल किए गए, जो हवा के संपर्क में आते ही आग पकड़ लेते हैं और खतरनाक होते हैं।
03:28 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- खाड़ी देश सुरक्षा के लिए अमेरिका पर निर्भर रहना बंद करें
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने खाड़ी देशों से कहा है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए बाहरी देशों पर निर्भर रहना बंद करें।
उन्होंने प्रेस TV से बातचीत में कहा कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की सेना की मौजूदगी सुरक्षा नहीं बल्कि खतरा बढ़ाती है।
बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका खाड़ी देशों में अपनी सेना और संसाधनों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमले के लिए कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का इस क्षेत्र के किसी देश से दुश्मनी नहीं है। उनके मुताबिक, ईरान ने जो भी कार्रवाई की वह अपनी रक्षा के लिए की गई।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई।
02:53 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटेन में 4 फिलिस्तीन समर्थक दोषी करार, फैक्ट्री पर हमले का मामला
ब्रिटेन में 4 फिलिस्तीन समर्थक लोगों को अदालत ने दोषी माना है। यह मामला 2024 में एक फैक्ट्री पर हुए हमले से जुड़ा है। यह फैक्ट्री ब्रिस्टल शहर में है और इसका संबंध एल्बिट सिस्टम्स नाम की इजराइली कंपनी से है।
सरकार की तरफ से कहा गया कि ये लोग उस समय फिलिस्तीन एक्शन नाम के समूह से जुड़े थे, जिसने इस हमले को अंजाम दिया। इस मामले में 2 और लोगों पर केस चला, लेकिन उन्हें अदालत ने छोड़ दिया।
02:37 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी जनरल बोले- ईरान के साथ युद्ध का फैसला सरकार लेगी
अमेरिकी जनरल केन ने कहा है कि ईरान के साथ फिर से युद्ध शुरू होगा या नहीं, यह फैसला सेना नहीं बल्कि सरकार लेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके स्तर से ऊपर का है, यानी यह पूरी तरह राजनीतिक मामला है।
हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि अगर आदेश मिला तो अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ फिर से बड़ा सैन्य अभियान शुरू करने के लिए तैयार है।
सोमवार को हुए हमलों के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या सीजफायर खत्म हो गया है, तो जनरल केन ने कहा कि अभी ईरान छोटे स्तर पर हमले कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभी हालात बहुत बड़े युद्ध जैसे नहीं हैं, लेकिन अमेरिका की चुप्पी को कमजोरी नहीं समझना चाहिए।
02:17 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस के राष्ट्रपति आज ईरान के राष्ट्रपति से बात करेंगे
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से बात करेंगे। मैक्रों ने कहा कि वह ईरान से होर्मुज को फिर से खोलने के लिए कहेंगे, ताकि जहाज आसानी से आ जा सकें।
उन्होंने कहा कि इस जरूरी समुद्री रास्ते में जहाजों की आवाजाही फिर से शुरू होना बहुत जरूरी है। फ्रांस और ब्रिटेन मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय नौसेना समूह बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे इस रास्ते को सुरक्षित रखा जा सके।
02:00 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक ट्रैवल न करने की सलाह दी
अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक में हवाई सफर न करने की सलाह दी है। अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि इराक में अभी भी खतरा बना हुआ है। वहां मिसाइल, ड्रोन और रॉकेट से हमला होने का खतरा है। इसलिए लोगों को फ्लाइट लेने से बचना चाहिए।
अमेरिका ने यह भी कहा कि इराक में ईरान से जुड़े कुछ उग्रवादी ग्रुप अमेरिकी नागरिकों और उनके ठिकानों पर हमला करने की योजना बना रहे हैं।
01:39 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका ने होर्मुज में जो नया रास्ता बताया वो सुरक्षित नहीं
ईरान ने कहा कि अमेरिका ने होर्मुज में जो नया समुद्री रास्ता बताया जा रहा है, वह सुरक्षित नहीं है। यह रास्ता पत्थरों से भरा हुआ और उथला है, जिससे जहाजों के लिए खतरा बढ़ गया है।
अमेरिका के लीडरशिप वाले जॉइंट मैरिटाइम इन्फॉर्मेशन सेंटर ने जहाजों को सलाह दी है कि वे ओमान के समुद्री इलाके से होकर गुजरें, जहां एक सुरक्षित क्षेत्र बनाया गया है।
लेकिन ईरान की समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, इस नए रास्ते से जाने की कोशिश कर रहे दो व्यापारिक जहाज बीच में ही फंस गए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ओमान के तट के पास का समुद्र पत्थरीला है, इसलिए जहाज न आगे बढ़ पा रहे हैं और न ही वापस लौट पा रहे हैं।
01:36 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन ने इजराइल से अपने नागरिक को रिहा करने की मांग की
स्पेन ने इजराइल से अपने एक नागरिक को तुरंत छोड़ने की मांग की है। स्पेन के नागरिक सैफ अबू केशेक को पिछले हफ्ते ग्रीस के पास समुद्र से पकड़ा गया था। उनके साथ ब्राजील के थियागो एविला भी थे। दोनों ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला का हिस्सा थे, जो गाजा जा रहे थे।
इजराइल की अदालत ने दोनों की हिरासत और बढ़ा दी है। इजराइल के मानवाधिकार संगठन अदाला के मुताबिक, दोनों लोग भूख हड़ताल पर हैं औ। संगठन का कहना है कि उनके साथ हिरासत में गलत व्यवहार किया गया।
12:50 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- हम ईरान से लड़ाई नहीं चाहते
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ लड़ाई नहीं चाहता, लेकिन होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा जरूरी है।
उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट फ्रीडम के तहत अमेरिका की सेना होर्मुज में काम कर रही है, ताकि जहाज सुरक्षित तरीके से आ-जा सकें।
पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका का मकसद ईरान के “गैरकानूनी दबाव” को खत्म करना है, जो वह इस समुद्री रास्ते पर बनाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका को इस मिशन के लिए ईरान के हवाई क्षेत्र या समुद्री सीमा में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
12:26 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
दावा- अमेरिकी विमान इमरजेंसी सिग्नल देने के बाद लापता
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान कतर के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल देने के बाद लापता हो गया। KC-135 स्ट्रैटोटैंकर को ‘फ्लाइंग गैस स्टेशन’ कहा जाता है, क्योंकि यह हवा में अन्य सैन्य विमानों को ईंधन भरने में सक्षम है।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान ने उड़ान के दौरान ‘7700’ इमरजेंसी सिग्नल भेजा। यह सिग्नल तब दिया जाता है जब विमान में कोई गंभीर समस्या हो। हालांकि अमेरिका ने इसे लेकर जानकारी शेयर नहीं की है।
यह विमान UAE के अल धफरा एयर बेस से उड़ा था और फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहा था। इसी दौरान कतर के पास उसका सिग्नल कुछ समय के लिए गायब हो गया। फ्लाइट डेटा के मुताबिक, विमान कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और फिर नीचे उतरने लगा।
अभी तक यह साफ नहीं है कि विमान में क्या खराबी आई थी। यह भी नहीं पता कि यह कोई तकनीकी समस्या थी या कुछ और। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने इस घटना की जानकारी दी है, लेकिन ईरान की इसमें किसी भी भूमिका होने की बात नहीं कही गई है।
12:18 PM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने प्रोजेक्ट फ्रीडम के तहत होर्मुज में अमेरिकी युद्धपोत तैनात किया
अमेरिका ने होर्मुज में अपना बड़ा युद्धपोत USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश भेजा है। यह कदम डोनाल्ड ट्रम्प की नई योजना प्रोजेक्ट फ्रीडम के तहत उठाया गया है। इस योजना का मकसद उन जहाजों को सुरक्षित निकालना है, जो होर्मुज में फंसे हुए हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस युद्धपोत पर 60 से ज्यादा विमान मौजूद हैं, जो इस मिशन में मदद कर रहे हैं।
11:59 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
फुजैराह पाइपलाइन से UAE का 50% ऑयल एक्सपोर्ट होता है
दुबई की पत्रकार नताशा तुराक के मुताबिक, फुजैराह UAE के लिए बहुत जरूरी जगह है। यहां से देश का बड़ा हिस्सा तेल बाहर भेजा जाता है।
यहां मौजूद हबशन फुजैराह पाइपलाइन UAE के करीब आधे से ज्यादा तेल निर्यात को संभालती है। इसकी खास बात यह है कि यहां से तेल होर्मुज से गुजरे बिना सीधे दुनिया तक पहुंच सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर यह हमला ईरान ने किया है, तो इसका मतलब है कि वह UAE को यह दिखाना चाहता है कि वह उसके सबसे जरूरी आर्थिक ठिकानों को भी निशाना बना सकता है।
11:18 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
आज चीन दौरे पर जाएंगे ईरानी विदेशमंत्री
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची आज चीन की राजधानी बीजिंग के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वह चीनी विदेशमंत्री वांग यी से मुलाकात करेंगे।
ईरान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस बैठक में दोनों नेता आपसी संबंधों और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा करेंगे।
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर वार्ता में कोई डेवलपमेंट नहीं हो पा रहा है।
11:00 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने गाजा जा रहे एक्टिविस्ट्स की हिरासत रविवार तक बढ़ाई
इजराइल की एक अदालत ने गाजा जा रहे दो विदेशी एक्टिविस्ट्स की हिरासत रविवार तक बढ़ा दी है। ये दोनों एक्टिविस्ट्स ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला जहाज का हिस्सा थे।
स्पेन के सैफ अबू केशेक और ब्राजील के थियागो एविला को पिछले हफ्ते ग्रीस के पास अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र से हिरासत में लिया गया था और बाद में इजराइल लाया गया।
दोनों को आज अश्केलोन की एक अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी दूसरी सुनवाई हुई।
इजराइली मानवाधिकार संगठन अदाला की अधिकारी मिरियम अजेम ने बताया कि कोर्ट ने उनकी हिरासत को रविवार सुबह तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।

इजराइली हिरासत में मौजूद ब्राजील के एक्टिविस्ट थियागो एविला।
10:37 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज में दक्षिण कोरिया के जहाज पर धमाके के बाद आग लगी
होर्मुज स्ट्रेट में दक्षिण कोरिया के एक जहाज में धमाके के बाद आग लग गई। इस घटना पर ट्रम्प ने कहा कि यह हमला ईरान ने किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में चलने वाले जहाजों की सुरक्षा और उनकी आजादी बहुत जरूरी है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अभी यह साफ नहीं है कि आग कैसे लगी। असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति सचिव चोई सौंग-आह ने कहा कि उनका देश ट्रम्प के इस बयान को भी गंभीरता से ले रहा है।
09:56 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
पोप लियो से मिलेंगे अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रुबियो
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो गुरुवार को पोप लियो से मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में पोप और ट्रम्प के बीच ईरान युद्ध को लेकर मतभेद सामने आए थे।
इस बातचीत में दोनों पक्षों के बीच अमेरिकी नीतियों पर खुलकर बातचीत होगी। वेटिकन में अमेरिका के राजदूत ने कहा है कि यह बातचीत सीधी और स्पष्ट होगी।
कुछ समय पहले ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोप लियो की आलोचना करते हुए उन्हें बेहद खराब बताया था। यह बयान तब आया जब पोप ने ईरान पर अमेरिकी हमले की आलोचना की थी।
इसके दो दिन बाद ट्रम्प ने एक और पोस्ट में कहा कि कोई पोप लियो को ईरानी प्रदर्शनकारियों की मौत के बारे में बताए।
इस पर जवाब देते हुए पोप लियो ने कहा, ‘मैं हर उस कार्रवाई की निंदा करता हूं जो अन्यायपूर्ण है। मैं लोगों की जान लेने की भी निंदा करता हूं।’
09:31 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
सीजफायर को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रम्प का अजीब जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने यह नहीं बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सीजफायर अभी कायम है या नहीं। CNN के मुताबिक एक रेडियो होस्ट ने जब उनसे पूछा कि क्या सीजफायर खत्म हो गया है और क्या हमले फिर शुरू हो सकते हैं, तो ट्रम्प ने कहा, “मैं आपको यह नहीं बता सकता।”
उन्होंने कहा, “अगर मैं इस सवाल का जवाब दे दूं, तो आप कहेंगे कि यह आदमी राष्ट्रपति बनने के लायक नहीं है।” होर्मुज स्ट्रेट में सोमवार को दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी। जिसके बाद सीजफायर के टूटने की आशंका जाहिर की जाने लगी।
इससे पहले फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर उसने अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाया, तो उसे “धरती से मिटा दिया जाएगा।” हालांकि उसी इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ युद्ध फौजी तौर पर लगभग खत्म हो चुका है।
09:13 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
UAE ने समर्थन देने वाले देशों की सराहना की
UAE राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गरगाश ने ईरानी हमले के बाद दुनिया भर से मिले समर्थन संदेशों की सराहना की है।
अल जजीरा के मुताबिक, उन्होंने कहा कि खाड़ी, अरब और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से आए ये संदेश इस हमले की निंदा करते हैं और UAE के साथ एकजुटता दिखाते हैं।
गरगाश ने आरोप लगाया कि ईरान इस संकट को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है और क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता के लिए खतरा बना हुआ है।
08:21 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी पीएम ने UAE पर हमलों की निंदा की
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने UAE पर हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के प्रति समर्थन जताया और कहा कि इन हमलों में एक तेल रिफाइनरी में आग लगी और नागरिक घायल हुए है जिसकी हम निंदा करते है।
शरीफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सीजफायर का पालन करना बेहद जरूरी है, ताकि बातचीत की जगह बने और क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता हासिल की जा सके।
08:18 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
कच्चा तेल 5% उछला, $114 प्रति बैरल पहुंचा
ब्रेंट क्रूड की कीमत सोमवार को 5% बढ़कर 114 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है। यह मई 2022 के बाद का सबसे ऊंचा उछाल है। यह उछाल होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव के कारण आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऊर्जा ढांचे और शिपिंग एसेट्स पर नए हमलों से सप्लाई बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। ईरान ने हाल ही में UAE के ऑयल पोर्ट को निशाना बनाया, जबकि UAE ने मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का दावा किया है।
होर्मुज स्ट्रेट के पास एक टैंकर पर ड्रोन हमला भी हुआ, जिससे हालात और बिगड़ गए। ईरान ने कहा कि उसने इलाके में आ रहे US नेवी के जहाजों पर चेतावनी फायरिंग की।
07:55 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- फुजैराह पर धमाके के लिए अमेरिका जिम्मेदार
ईरान के फुजैराह पोर्ट के तेल क्षेत्र में लगी भीषण आग को लेकर ईरान ने अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। प्रेस टीवी के मुताबिक एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि इस तेल क्षेत्र पर हमले की कोई योजना नहीं थी।
अधिकारी ने दावा किया कि अमेरिका ने होर्मुज में जबरन रास्ता बनाने की कोशिश की जिसके बाद हालात बिगड़े। अधिकारी ने कहा कि इस घटना के लिए अमेरिकी सेना जिम्मेदार है और उसने क्षेत्र की स्थिरता को खतरे में डाला है।
यह घटना ऐसे समय हुई जब ट्रम्प ने होर्मुज में ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू करने का आदेश दिया था, ताकि जहाजों की आवाजाही फिर से शुरू हो सके।
इसके जवाब में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने चेतावनी दी है कि बिना उसकी अनुमति के कोई भी सैन्य या व्यापारिक जहाज इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा तो उसे रोका जाएगा।
ईरान का कहना है कि वह होर्मुज पर कंट्रोल रखे हुए है और सिर्फ उन्हीं जहाजों को गुजरने दे रहा है जो उसके तय नियमों का पालन करते हैं।
इससे पहले ईरानी नौसेना ने अमेरिकी युद्धपोतों को चेतावनी देने के लिए मिसाइल और ड्रोन दागे थे, क्योंकि वे उनके मुताबिक चेतावनी के बावजूद इस इलाके के करीब आ रहे थे।
07:23 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- ट्रम्प ने होर्मुज में जहाजों को खतरे में डाला
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद गालीबाफ ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने होर्मुज में जहाजों की आवाजाही और ऊर्जा सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प का ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ सीजफायर का उल्लंघन है और इससे इस इलाके में नाकेबंदी जैसी स्थिति बन गई है।
कालीबाफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि मौजूदा हालात ज्यादा देर तक नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी अपनी पूरी ताकत दिखाई भी नहीं है।
07:06 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के प्रोजेक्ट फ्रीडम में शामिल हो सकता है दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि वे प्रोजेक्ट फ्रीडम में हिस्सा लेने को लेकर विचार कर रहे हैं।
प्रोजेक्ट फ्रीडम एक मिलिट्री ऑपरेशन है जिसे अमेरिका ने होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया है।
इससे पहले होर्मुज में साउथ कोरिया के एक जहाज पर ईरानी नौकाओं ने हमला किया था, जिसके बाद उसमें आग लग गई थी।
06:54 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान की सड़कों पर लगीं जंग से जुड़ीं 6 फोटोज

तेहरान में शनिवार को एक महिला अमेरिका विरोधी बिलबोर्ड के पास से गुजरती हुई। इसमें राष्ट्रपति ट्रम्प की मूंछ को होर्मुज स्ट्रेट के रूप में दर्शाया गया है।

तेहरान में लोग एक बिलबोर्ड के पास से गुजरते हुए। इसमें डोनाल्ड ट्रम्प का कार्टून को एक सोफे पर सोते हुए, नशे में दिखाया गया है, ताकि यह दिखाया जा सके कि अमेरिका लापरवाह या कमजोर हो गया है। इस फोटो में फारसी में लिखा है- अमेरिका की शक्ति कमजोर हो चुकी है और उसके फैसले गलत दिशा में जा रहे हैं।

इस फोटो ट्रम्प का व्यंग्यात्मक कार्टून है। ट्रम्प की नाक बहुत लंबी बनाई गई है और उस पर एक काला कौवा बैठा है। इसका मतलब यह दिखाना है कि ट्रम्प झूठ बोलते हैं या उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता।पोस्टर पर फारसी में लिखा है- अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के नाम पर दुनिया में दखल देता है, लेकिन असल में वह अपनी ताकत और असर बढ़ाने की कोशिश करता है।

राजधानी तेहरान में सड़क पर लगे बिलबोर्ड में अलग-अलग लोगों की मुट्ठी दिखाई गई है। इन हाथों पर ईरान के झंडे के रंग (हरा, सफेद, लाल) बने हैं।

राजधानी तेहरान में एक सड़क को अमेरिकी झंडे के रंग में रंग दिया गया है। एक मोटरसाइकल सवार वहां से गुजर रहा है।

तेहरान की एक सड़क पर एक ईरानी महिला अमेरिका और इजराइल विरोधी म्यूरल के पास से गुजरती हुई।
06:39 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
PM मोदी ने UAE पर हुए हमले की निंदा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UAE पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।
मोदी ने कहा कि आम लोगों और जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारत UAE के साथ मजबूती से खड़ा है और सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति से निकालने का समर्थन करता है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रहना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे क्षेत्र की शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा जुड़ी हुई है।
06:23 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान में सबकुछ ठीक चल रहा

राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि ईरान में सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। हालांकि उन्होंने हालिया तनाव या तेल की बढ़ती कीमतों पर कुछ नहीं कहा।
व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने घरेलू नीतियों और छोटे कारोबारों की मदद पर भी बात की।
यह कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है जब सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उसकी नीतियां लोगों की जेब के लिए फायदेमंद हैं। लेकिन पेट्रोल की बढ़ती कीमतें इस संदेश को कमजोर कर रही हैं।
05:54 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- प्रोजेक्ट फ्रीडम सफल रहा

अमेरिका ने कहा है कि होर्मुज में शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ का पहला दिन सफल रहा। ब्रैडली कूपर ने बताया कि अमेरिकी सेना ने दो व्यापारी जहाजों को सुरक्षित तरीके से इस रास्ते से गुजरवाया।
उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में वॉरशिप, हेलिकॉप्टर, फाइटर जेट और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। ईरान की तरफ से दागी गई मिसाइलों को हवा में ही गिरा दिया गया और 6 ईरानी नावों को भी नष्ट कर दिया गया।
हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि अभी सिर्फ 2 जहाज ही गुजर पाए हैं, जबकि युद्ध से पहले रोज करीब 120 जहाज इस रास्ते से गुजरते थे। उनका मानना है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो यह संख्या बढ़कर 20 से 30 जहाज रोज तक पहुंच सकती है, लेकिन यह काफी हद तक ईरान के रुख पर निर्भर करेगा।
उनका कहना है कि अगर ईरान खतरे का माहौल बनाए रखता है, तो व्यापारी जहाज आने से बचेंगे और यह रास्ता लगभग बंद ही रहेगा। एक पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह ‘टैक्टिकल सफलता’ जरूर है, लेकिन असली चुनौती तब होगी जब पहले जैसी आवाजाही बहाल करनी होगी।
05:32 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका का प्रोजेक्ट फ्रीडम, प्रोजेक्ट डेडलाइन बना

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ पर तंज कसते हुए कहा कि यह असल में ‘प्रोजेक्ट डेडलॉक’ बन गया है।
उन्होंने कहा कि होर्मुज में जो हालात बने हैं, उससे साफ है कि किसी राजनीतिक संकट का हल सैन्य कार्रवाई से नहीं निकल सकता।
अराघची ने कहा कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत आगे बढ़ रही है, इसलिए अमेरिका और UAE को सावधान रहना चाहिए कि वे इस संघर्ष में और न फंसें।
05:14 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: ईरान को परमाणु बम बनाने में अभी भी 1 साल लगेगा
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का आकलन है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने में लगने वाला समय अभी भी पहले जैसा ही है। पिछले साल भी माना गया था कि हमले के बाद यह समय करीब एक साल तक पहुंच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सच में धीमा करना है तो उसके पास मौजूद उच्च स्तर के यूरेनियम भंडार को खत्म करना होगा।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का कहना है कि ईरान के पास इतना समृद्ध यूरेनियम है कि अगर उसे और प्रोसेस किया जाए, तो उससे 10 परमाणु बम बनाए जा सकते हैं।
हालांकि, जानकारों का कहना है कि अगर ईरान ऐसा करने का फैसला करता है, तब भी एक परमाणु हथियार तैयार करने में उसे करीब एक साल का समय लगेगा।

05:05 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
फुजैराह हमले पर भारत का सख्त बयान
UAE के फुजैराह में सोमवार को हुए हमले पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। भारत ने कहा कि तीन भारतीय नागरिकों का घायल होना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
भारत ने सभी पक्षों से तुरंत हिंसा रोकने की अपील की है। साथ ही कहा कि आम लोगों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए।
भारत का कहना है कि हालात को संभालने का सही रास्ता बातचीत और कूटनीति है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनी रहे।
भारत ने यह भी कहा कि होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए, जैसा कि अंतरराष्ट्रीय कानून कहता है।
भारत ने साफ किया कि वह हर उस कोशिश का समर्थन करेगा, जिससे इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके।
04:41 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- चीन, ईरान पर होर्मुज खोलने का दबाव बनाए
अमेरिका ने चीन से कहा है कि वह ईरान पर होर्मुज खोलने का दबाव डाले। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने यह भी आरोप लगाया कि चीन का ईरान से तेल खरीदना वैश्विक आतंकवाद को फंडिंग करने जैसा है।
अमेरिकी मंत्री का यह सख्त बयान डोनाल्ड ट्रम्प की इस महीने बीजिंग में शी जिनपिंग से होने वाली मुलाकात से पहले आया है। वे भी इस बैठक में शामिल होंगे।
बेसेंट ने कहा कि अमेरिका दुनियाभर में तेल की सप्लाई बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, ताकि बढ़ती ऊर्जा कीमतों का असर कम किया जा सके।
04:27 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका ने नागरिक जहाजों पर हमला किया, 5 की मौत
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज में IRGC की नावों की बजाय दो छोटे नागरिक कार्गो जहाजों पर हमला किया।
एजेंसी के मुताबिक, ये जहाज ओमान से ईरान जा रहे थे और इनमें आम लोगों का सामान था। इस हमले में 5 नागरिकों की मौत होने का दावा किया गया है।
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पहले कहा था कि उसने उन ईरानी नावों को निशाना बनाया जो व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा बन रही थीं।
04:23 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- अमेरिकी प्रतिबंधों को माना तो एक्शन लेंगे
चीन ने पहली बार ऐसा कानून लागू किया है, जिसके जरिए वह उन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है जो विदेशी प्रतिबंधों को मानती हैं। यह कदम खास तौर पर अमेरिका के उन प्रतिबंधों के जवाब में उठाया गया है, जो ईरान से तेल खरीदने पर लगाए गए हैं।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कंपनियों को आदेश दिया है कि वे अमेरिका के प्रतिबंधों का पालन न करें। इसमें हेंगली पेट्रोकेमिकल समेत पांच रिफाइनरी शामिल हैं।
दरअसल, चीन की निजी रिफाइनरियां ईरान के तेल की सबसे बड़ी खरीदार मानी जाती हैं, इसलिए यह मामला और अहम हो गया है।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब डोनाल्ड ट्रम्प जल्द ही बीजिंग दौरे पर जाने वाले हैं। इससे साफ है कि व्यापारिक समझौते के बावजूद चीन अब आर्थिक दबाव बनाने के लिए नए कदम उठा रहा है।
अमेरिका पहले ही कई चीनी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर चुका है, जिन पर ईरान और रूस का तेल खरीदने का आरोप है। चीन लगातार इन कदमों का विरोध करता रहा है।
04:10 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी अहम घटनाएं
4 मार्च: ईरान ने हॉर्मुज पर कंट्रोल की घोषणा की और कहा कि यह रास्ता उसके दुश्मनों के लिए बंद हो चुका है।
8 अप्रैल: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन ईरान ने होर्मुज को बंद ही रखा। उसने आरोप लगाया कि इजराइल अब भी लेबनान में हमले कर रहा है।
13 अप्रैल: पाकिस्तान में शांति वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। इसके बाद अमेरिका ने भी होर्मुज के दूसरे तरफ नाकेबंदी शुरू कर दी।
2 मई: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने का ऐलान किया, जिसका मकसद हॉर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षा देकर निकालना है।

03:57 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
दुबई में आज से स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई शुरू
दुबई के प्राइवेट स्कूल 5 मई से 8 मई तक अस्थायी रूप से ऑनलाइन पढ़ाई पर शिफ्ट हो गए हैं। गल्फ न्यूज के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला छात्रों, स्टाफ और पूरे समुदाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पढ़ाई बिना रुके जारी रहे।
03:43 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- हमारे किसी जहाज पर हमला नहीं हुआ
ईरान ने सोमवार को अमेरिकी वॉरशिप को निशाना बनाने का दावा किया, जिसे अमेरिका ने खारिज कर दिया है।
यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि अमेरिकी नौसेना का किसी भी जहाज पर हमला नहीं हुआ है और सभी ऑपरेशन जारी हैं।
अमेरिका ने यह भी बताया कि उसकी सुरक्षा में दो अमेरिकी झंडे वाले व्यापारी जहाज इस रास्ते से सुरक्षित गुजर चुके हैं।
03:26 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
UAE में ईरानी हमलों में अब तक 10 लोगों की मौत
UAE ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों और ड्रोन को रोक लिया है।
मंत्रालय के मुताबिक, इनमें 12 बैलिस्टिक मिसाइल, 3 क्रूज मिसाइल और 4 ड्रोन शामिल थे। सोमवार को इस कार्रवाई के दौरान 3 लोग घायल हुए।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अब तक UAE की रक्षा प्रणाली 549 बैलिस्टिक मिसाइल, 29 क्रूज मिसाइल और 2,260 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर चुकी है। कुल घायलों की संख्या बढ़कर 227 हो गई है, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं, भारत के लोग भी इनमें हैं।
यूएई का कहना है कि अब तक ईरानी हमलों में उसके 3 सैनिक मारे गए हैं। इनमें एक मोरक्को का नागरिक भी था, जो सेना के साथ अनुबंध पर काम कर रहा था। इसके अलावा कुल 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, भारत, मिस्र और फलस्तीन के नागरिक शामिल हैं।
03:13 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- होर्मुज संकट का बातचीत से ही हल निकलेगा
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज में आज जो हालात बने, उससे साफ है कि इस संकट का कोई सैन्य हल नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत आगे बढ़ रही है और हल बातचीत से ही निकलेगा।
साथ ही उन्होंने अमेरिका और UAE को चेतावनी दी कि वे दूसरों के उकसावे में आकर इस संघर्ष में और न फंसें, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं।
02:43 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
दुबई में आज से स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई शुरू
दुबई के प्राइवेट स्कूल 5 मई से 8 मई तक अस्थायी रूप से ऑनलाइन पढ़ाई पर शिफ्ट हो गए हैं। गल्फ न्यूज के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला छात्रों, स्टाफ और पूरे समुदाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पढ़ाई बिना रुके जारी रहे।
02:30 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- मेरे खिलाफ दिखाए जाने वाले सर्वे फर्जी हैं

राष्ट्रपति ट्रम्प व्हाइट हाउस में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान प्रेस के सवालों का जवाब देते हुए।
अमेरिका में ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर लोगों की नाराजगी बढ़ने के बीच राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि उनके खिलाफ दिखाए जा रहे सर्वे फर्जी हैं।
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने कहा कि एक सर्वे में दिखाया गया कि सिर्फ 32% लोग इस युद्ध के पक्ष में हैं, लेकिन उन्हें ऐसे आंकड़ों पर भरोसा नहीं है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि सर्वे करने वालों के सवाल ही पक्षपातपूर्ण होते हैं। उनके मुताबिक, लोगों से यह पूछा जाना चाहिए कि क्या ईरान को परमाणु हथियार रखने की इजाजत होनी चाहिए।
02:16 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- UAE पर हमला सीजफायर का उल्लंघन नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को UAE पर हुए ईरान के हमले को सीजफायर का उल्लंघन बताने से इनकार कर दिया। एबीसी न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि यह बहुत बड़ा हमला नहीं था और ज्यादातर मिसाइलों को गिरा दिया गया।
जब उनसे फिर पूछा गया कि क्या यह युद्धविराम का उल्लंघन है, तो उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है और बाद में जानकारी दी जाएगी। ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके लिए बेहतर यही होगा कि सीजफायर जारी रहे, क्योंकि यही उसके हित में है।
इससे पहले UAE ने दावा किया था ईरान की तरह से 15 मिसाइलें और 4 ड्रोन से हमले हुए थे। ईरान ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
02:03 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
ओबामा बोले- नेतन्याहू ने ट्रम्प को हमले के लिए मनाया

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (बाएं) और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध के लिए डोनाल्ड ट्रम्प को मनाने में वही दलीलें दीं, जो उन्होंने एक दशक पहले ओबामा को मनाने के लिए दी थीं।
ओबामा ने द न्यू यॉर्कर को इंटरव्यू में कहा कि उन्हें नहीं लगता था कि ईरान पर हमला करने से खतरा सच में खत्म होगा। लेकिन अब उनका आकलन सही साबित हुआ, क्योंकि अमेरिका आज भी ईरान पर हमले के बाद उन्हीं मुश्किल फैसलों से जूझ रहा है।
ओबामा ने कहा कि इसी खतरे से निकलने के लिए अमेरिका ने ईरान के साथ 2015 में परमाणु समझौता किया था जिसे ट्रम्प ने तोड़ दिया।
ओबामा के मुताबिक, ट्रम्प को हमले के लिए राजी करके नेतन्याहू ने शायद वह हासिल कर लिया जो वे चाहते थे, लेकिन यह अमेरिका के हित में भी है या नहीं, इस पर भी उन्हें संदेह है।
01:56 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सुरक्षा में होर्मुज से निकला जहाज

डेनमार्क की शिपिंग कंपनी मर्स्क ने बताया है कि उसका एक अमेरिकी झंडा वाला व्यापारिक जहाज होर्मुज से अमेरिकी सैन्य सुरक्षा में सुरक्षित बाहर निकल गया।
अमेरिकी नेवी ने सोमवार को होर्मजु स्ट्रेट से निकलने वाले व्यापारिक जहाजों को सुरक्षा देने का वादा किया था।
01:38 AM5 मई 2026
- कॉपी लिंक
कनाडा ने UAE के लिए समर्थन दोहराया
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद UAE के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि वे शेख मोहम्मद बिन जायद और UAE के लोगों के साथ एकजुटता में खड़े हैं।
कनाडा ने इस दौरान क्षेत्र में तनाव कम करने की अपील भी दोहराई और कहा कि हालात को संभालने के लिए बातचीत और कूटनीति ही सबसे बेहतर रास्ता है।
















>