CBI ने बक्सर जेल से अपराधी को रिमांड पर लिया: 10 दिन पहले गिरफ्तार हुआ था संजय राय, शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में पूछताछ – Buxar News
>
![]()
पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सीबीआई की दिल्ली टीम गुरुवार को बक्सर सेंट्रल जेल पहुंची और वहां बंद एक आरोपी को न्यायालय से रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई। इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड के तार बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की बात सामने आई है। रिमांड पर लिया गया आरोपी संजय राय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र स्थित मतसा गांव का निवासी है। वह फिलहाल बक्सर सेंट्रल जेल में बंद था। जांच के दौरान सीबीआई को ऐसे कई अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनसे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में उसकी संलिप्तता का संदेह है। शराब के साथ पुलिस ने किया था गिरफ्तार सीबीआई ने अदालत में रिमांड की अर्जी दाखिल की थी, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पहले राजपुर थाना पुलिस ने संजय राय को शराब के साथ गिरफ्तार किया था। शराब बरामदगी के मामले में उसे जेल भेजा गया था। इसी दौरान केंद्रीय एजेंसी को संजय राय के संबंध में महत्वपूर्ण इनपुट मिले, जिसके बाद सीबीआई की टीम सक्रिय हुई। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को मोबाइल कॉल डिटेल, आपराधिक नेटवर्क और लेन-देन से जुड़े कुछ ऐसे सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर संजय राय से पूछताछ को अहम माना जा रहा है। बक्सर से 3 लोग गिरफ्तार इस मामले में बक्सर का कनेक्शन पहले भी सामने आ चुका है। कुछ दिन पहले बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बक्सर से दो युवक मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार किया गया था। उन गिरफ्तारियों के बाद ही यह संकेत मिले थे कि हत्याकांड की साजिश और अपराधियों का नेटवर्क बिहार तक फैला हुआ है। अब बक्सर जेल से एक और आरोपी को रिमांड पर लिए जाने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।
Source link
















>