ट्रम्प ईरान जंग में NATO के रुख से नाराज: अमेरिका बोला- जो देश हमारी मदद नहीं कर रहे वो NATO में क्यों हैं
>
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने गुरुवार को कहा कि ईरान युद्ध के दौरान NATO देशों के रवैये से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प काफी निराश हैं।
रूबियो ने खासतौर पर स्पेन का जिक्र करते हुए कहा कि उसने अमेरिका को अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी।
उन्होंने कहा कि अमेरिका NATO का हिस्सा इसलिए है ताकि जरूरत पड़ने पर वह यूरोप और मिडिल ईस्ट जैसे इलाकों में अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल कर सके।
रूबियो ने सवाल उठाते हुए कहा, अगर कोई देश अमेरिका को अपने बेस इस्तेमाल नहीं करने देता, तो फिर वह NATO में क्यों है? उन्होंने कहा कि ट्रम्प NATO देशों के सहयोग से खुश नहीं हैं और अमेरिका इस मुद्दे को गंभीरता से देख रहा है।
पिछले 24 घंटे क 5 बड़े अपडेट्स…
1. ट्रम्प बोले- जंग के अलावा कोई विकल्प नहीं था: ट्रम्प ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए अमेरिका के पास युद्ध के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने दावा किया कि होर्मुज में खड़े 1600 तेल जहाज जल्द निकलेंगे, जिससे तेल की कीमतें गिरेंगी।
2. ईरान बोला- हमारे पास अभी कई सीक्रेट हथियार बाकी
अमेरिका की धमकियों के बीच ईरान ने दावा किया कि उसके पास कई आधुनिक और अनटेस्टेड हथियार मौजूद हैं। ईरानी सैन्य सूत्रों ने कहा कि अगली बार हमला हुआ तो जवाब बिना किसी संयम के दिया जाएगा।
3. ईरान जंग पर ट्रम्प-नेतन्याहू में मतभेद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ईरान के साथ तनाव कम करने और सीजफायर बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि इजराइल दोबारा सैन्य कार्रवाई के पक्ष में है। नेतन्याहू सरकार ईरान पर दबाव बनाए रखना चाहती है।
4. जंग के बीच फिर महंगा हुआ तेल: ईरान युद्ध और सप्लाई संकट की आशंका के बीच ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव और अमेरिकी तेल भंडार में गिरावट से बाजार में चिंता बढ़ी है।
5. अमेरिका बोला- ईरान ने होर्मुज में टोल वसूला तो डील मुश्किल
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों से टोल वसूलता है, तो अमेरिका-ईरान समझौता मुश्किल हो जाएगा। ट्रम्प ने भी कहा कि होर्मुज एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है और यहां टोल मंजूर नहीं होगा।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान में लगातार 82वें दिन सरकार समर्थक प्रदर्शन
ईरान में सरकार और सेना के समर्थन में लगातार 82वें दिन भी प्रदर्शन हुए। राजधानी तेहरान के आजादी स्क्वायर समेत कई शहरों में लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे।
प्रेस टीवी के मुताबिक, तेहरान के आजादी स्क्वायर पर देर रात तक सरकार समर्थक रैली जारी रही। प्रदर्शनकारी ईरानी झंडे लेकर सेना और सरकार के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, इन रैलियों का मकसद बाहरी दबाव और सैन्य धमकियों के खिलाफ राष्ट्रीय एकजुटता दिखाना है।
32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रूबियो बोले- भारत जितनी चाहे उतनी एनर्जी बेचने को तैयार
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका भारत को जितनी ऊर्जा चाहिए उतनी बेचने को तैयार है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर पहले से बातचीत चल रही है।
मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बातचीत में रूबियो ने कहा कि अमेरिका रिकॉर्ड स्तर पर तेल और गैस का उत्पादन और निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि भारत हमारे ऊर्जा निर्यात का बड़ा साझेदार बने।”
रूबियो ने कहा कि वेनेजुएला के तेल को लेकर भी अवसर मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज अगले हफ्ते भारत दौरे पर आ सकती हैं।
रूबियो 23 से 26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उनका भारत दौरा काफी अहम होगा और इस दौरान क्वाड देशों की बैठक में भी हिस्सा लिया जाएगा।
01:29 AM22 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने यूरेनियम संवर्धन की खबरें खारिज कीं
ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत और यूरेनियम संवर्धन को लेकर चल रही मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि परमाणु मुद्दों पर सामने आ रही खबरें भरोसेमंद नहीं हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने गुरुवार को सरकारी एजेंसी IRNA से बातचीत में यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान-अमेरिका बातचीत के अलग-अलग पहलुओं को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों की पुष्टि नहीं की जा सकती।
बघाई के मुताबिक, फिलहाल बातचीत का मुख्य फोकस युद्ध को सभी मोर्चों पर खत्म करना है। इसमें लेबनान की स्थिति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि बातचीत से जुड़ी सही जानकारी केवल अधिकृत अधिकारी और वार्ता टीम के प्रवक्ता ही देंगे।
01:11 AM22 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने दक्षिणी सीरिया में आर्टिलरी हमला किया
इजराइली सेना ने दक्षिणी सीरिया के डेरा प्रांत में आर्टिलरी हमला किया है। सीरियाई सरकारी एजेंसी SANA के मुताबिक, हमले में यरमूक बेसिन क्षेत्र के कृषि और जंगल वाले इलाकों को निशाना बनाया गया। इसके अलावा इजराइली सेना ने डेरा प्रांत के पश्चिमी इलाके में स्थित मारिया और अबदीन गांवों के बीच के क्षेत्र पर गोलाबारी की।
हमले में कृषि भूमि और जंगल वाले इलाकों को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलाबारी यरमूक बेसिन क्षेत्र के पश्चिमी बाहरी हिस्सों में हुई। हालांकि अब तक किसी के घायल या मारे जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
इजराइल की ओर से भी इस हमले को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। हाल के महीनों में इजराइल ने सीरिया और लेबनान में कई सैन्य हमले किए हैं।

















>