मांझी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक पर होगी कार्रवाई: मगध प्रमंडल के आईजी विकास वैभव बोले- कानून का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं, एक्शन होगा – Gaya News
>
![]()
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के मामले में मगध प्रमंडल के आईजी विकास वैभव ने सख्त रुख अपनाया है। आज मीडिया से बातचीत में आईजी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कानून और मर्यादा का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं है। आईजी ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी करना गलत है। ऐसे मामलों में पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने जोर दिया कि यदि किसी को किसी नेता या व्यवस्था से शिकायत है, तो उसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। आईजी विकास वैभव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के विरोध में युवक की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा अनुचित और कानून के खिलाफ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गया शहर के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी युवक की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है। अभद्र भाषा का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर अभद्र भाषा का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है। पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है और आपत्तिजनक पोस्ट या बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईजी ने युवाओं से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने और भड़काऊ टिप्पणी से बचने की अपील की। इस बीच, मगध पुलिस को बच्चा चोरी के एक मामले में सफलता मिली है। अपहृत शिवा पांडे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आईजी विकास वैभव ने बताया कि पुलिस ने अपहृत बच्चे शिवा पांडे को सकुशल बरामद कर लिया है। शिवा पांडे औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जिसका कुछ समय पहले अपहरण कर लिया गया था। पुलिस जांच में यह सामने आया कि एक महिला बच्चे को अपने बेटे के रूप में रखकर उसका पालन-पोषण कर रही थी। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि संबंधित महिला निसंतान थी और इसी कारण उसने बच्चे का अपहरण कर उसे अपने पास रखा था। आईजी ने बताया कि महिला से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं वह पहले भी बच्चों के गायब होने की घटनाओं में शामिल तो नहीं रही है। उन्होंने कहा कि बच्चा चोरी के मामलों को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और यदि किसी संगठित गिरोह की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
















>