Published On: Mon, May 18th, 2026

बांका में ट्यूशन पढ़ने निकला छात्र लापता: परिजन ने जताई अपहरण की आशंका, पुलिस ने शुरू की तलाश – Banka News




बांका के रजौन थाना क्षेत्र स्थित सोहानी गांव से ट्यूशन पढ़ने निकले एक छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने छात्र के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग की है। जानकारी के अनुसार सोहानी गांव निवासी जितेंद्र कुमार का पुत्र अमन कुमार 11 मई को रोज की तरह साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक अमन प्रतिदिन निर्धारित समय पर ट्यूशन जाता था और शाम तक वापस लौट आता था, लेकिन उस दिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। देर रात तक नहीं लौटा तो बढ़ी चिंता बेटे के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के परिचितों से जानकारी ली, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। जब परिजन ट्यूशन सेंटर पहुंचे और वहां जानकारी ली, तब पता चला कि अमन उस दिन ट्यूशन पढ़ने पहुंचा ही नहीं था। यह जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद आशंका जताई जाने लगी कि छात्र रास्ते से ही लापता हो गया। गांव-गांव जाकर बेटे की तलाश में जुटे परिजन अमन के लापता होने के बाद परिजनों ने आसपास के गांवों, बाजारों और संभावित जगहों पर उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग छात्र की तस्वीर लेकर विभिन्न स्थानों पर घूमते रहे और लोगों से पूछताछ करते रहे, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटे के अचानक गायब हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। घर में मातम जैसा माहौल बना हुआ है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग लगातार उसकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं। पिता ने पुलिस को दिया आवेदन घटना को लेकर छात्र के पिता जितेंद्र कुमार ने रजौन थाना में आवेदन देकर पुत्र के अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करते हुए बेटे की खोजबीन करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अमन का किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में अचानक उसके गायब हो जाने से परिवार काफी परेशान और भयभीत है। पुलिस ने शुरू की जांच मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने छात्र की तस्वीर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। रजौन थाना अध्यक्ष राज रतन ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। छात्र की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छानबीन कर रही है। गांव में चिंता का माहौल घटना के बाद सोहानी गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण लगातार परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और छात्र की जल्द बरामदगी की उम्मीद जता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह दिनदहाड़े एक छात्र का गायब हो जाना गंभीर मामला है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द छात्र को खोज निकालने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक छात्र अमन कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>