सहरसा में ई-रिक्शा चालक की पिटाई, रिक्शा लूटा: स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद सवारों ने मांगा था 10 हजार, पॉकेट से 700 लेकर हुए फरार – Saharsa News
>
![]()
सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी ढाला के पास एक ई-रिक्शा और स्कॉर्पियो में मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई की और उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। घायल चालक को सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए एक आवेदन दिया है। पीड़ित ई-रिक्शा चालक की पहचान सहरसा नगर निगम के वार्ड नंबर 10 स्थित बेगहा दास टोला निवासी अरुण कुमार दास(28) के रूप में हुई है। अरुण पिछले दो वर्षों से ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसने अस्पताल में बताया कि रविवार रात वह अपनी ई-रिक्शा लेकर थाना चौक की ओर जा रहा था, तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने पीछे से हल्की टक्कर मार दी। टक्कर से स्कॉर्पियो में मामूली खरोंच आ गई। स्कॉर्पियो सवार ने मांगा 10 हजार इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार 7 से 8 लोग बाहर निकले और अरुण से जुर्माने के तौर पर 10 हजार रुपये की मांग करने लगे। जब अरुण ने पैसे देने से इनकार किया, तो उन लोगों ने उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद वे लोग अरुण का ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गए। उसने बताया कि रिक्शा में 700 रूपये थे वह भी लेकर फरार हो गया। अधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन घटना के बाद अरुण ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सहरसा सदर थाने में लिखित आवेदन देने के लिए कहा। आवेदन के बाद उसे इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अरुण ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसका ई-रिक्शा ही उसके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है, जिसे लुटेरे ले गए हैं। इस संबंध में सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
















>