Published On: Thu, May 7th, 2026

पहले गेंदबाजी करने वाली टीम का साथ देगा मौसम:इकाना में आज RCB vs LSG; दिन में छिटपुट बारिश, क्या हो पाएगा मैच?

Share This
Tags




लखनऊ में आज तड़के ही मौसम खराब हो गया। आंधी के साथ करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसका असर शाम को इकाना में होने वाले बेंगलुरु बनाम लखनऊ मैच पर भी दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शाम को मौसम साफ रहेगा लेकिन दिनभर बादलों की आवाजाही, गरज-चमक के साथ सतही हवा चलती रहेगी। ऐसे मौसम का इकाना के ग्राउंड पर असर बना रहेगा। हल्की नमी शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होगी। यानी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। मैच रोमांचक हो सकता है क्योंकि लगातार 6 मैच हार चुकी LSG जीतकर अपनी साख बचाना चाहेगी। वहीं, RCB भी जीतकर प्लेऑफ की रेस में बनी रहना चाहेगी। मौसम कितना प्रभावित करेगा, स्टेडियम में व्यवस्था… तेज बारिश का दौर खत्म, शाम को मौसम साफ रहेगा लखनऊ में तड़के आंधी के साथ हुई बारिश ने क्रिकेट फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि शाम को मौसम साफ रहेगा, जिससे मैच में बाधा नहीं आएगी। वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि फिलहाल तेज बारिश का दौर खत्म हो गया है। हालांकि, दोपहर 1 बजे तक रह-रहकर बारिश की संभावना है। दोपहर बाद से शाम और रात के समय बारिश का प्रभाव नहीं रहेगा। इकाना स्टेडियम के आसपास भी मौसम साफ रहेगा। खेल के दौरान तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इकाना में जरूरी उपाय, ड्रेनेज सिस्टम शानदार इकाना स्टेडियम में देश के सबसे उन्नत और तेज़ हेयरिंगबोन ड्रेनेज सिस्टम का उपयोग किया गया है। यह प्रणाली पूरे मैदान के नीचे पाइपों का जाल बिछाकर बारिश के पानी को तुरंत बाहर निकालती है, जिससे भारी बारिश के बाद भी मैच जल्दी शुरू हो सकता है। इस सुविधा के चलते भारी बारिश के बाद भी स्टेडियम में मैच आधे घंटे में शुरू हो सकता है। फिलहाल आज स्टेडियम में मिक्स विकेट (काली लाल) मिट्टी के पिच को पूरी तरह से ढका गया है। ताकि पिच को पूरी तरह से सुरक्षित रखा जा सके। इस बीच मैच से एक दिन पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया था। इसमें विराट कोहली और ऋषभ पंत प्रैक्टिस के दौरान नजर नहीं आए थे। इकाना में बेंगलुरु को नहीं हरा सकी है लखनऊ अभी तक दोनों टीमों के बीच IPL में 7 मुकाबले हुए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 मैच जीते हैं। इस सीजन में दोनों के बीच यह दूसरा मुकाबला है। बेंगलुरु में खेले गए पहले मैच में RCB ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया था। पिछले सीजन में दोनों के बीच एक मैच हुआ था, जिसे बेंगलुरु ने जीता था। दोनों टीमें इकाना में दो बार भिड़ी हैं और दोनों बार बेंगलुरु जीती है। दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, लेकिन 4 टीमें बराबरी पर RCB 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। हालांकि, तीन अन्य टीमों के भी 12-12 अंक हैं। गुजरात टाइटंस से मिली हार के बाद बेंगलुरु का नेट रन रेट प्रभावित हुआ है, जिसे टीम सुधारना चाहेगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए टूर्नामेंट लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन ऋषभपंत की कप्तानी वाली टीम बेंगलुरु का खेल बिगाड़ सकती है। पिछले 6 मैच से नहीं जीती लखनऊ लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा है। मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कप्तान ऋषभपंत की फॉर्म पर भी सवाल हैं। बैटिंग ऑर्डर में लगातार बदलाव की रणनीति टीम पर भारी पड़ी है। अब उनका सामना भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाजों से होगा, जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को 75 रन पर समेट दिया था। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव (13 विकेट) और मोहसिन खान (10 विकेट) ही सफल रहे हैं। मोहम्मद शमी की खराब फॉर्म और डेथ ओवर्स में रन रोकने में नाकामी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी रही है। विराट कोहली फॉर्म में, लेकिन सॉल्ट चोटिल RCB की बल्लेबाजी इस सीजन में आक्रामक रही है। विराट कोहली 379 रन के साथ टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। पिछले मैच में टीम की बल्लेबाजी बिखर गई थी। स्कोर 79/2 से 96/6 हो गया और पूरी टीम 155 रन पर सिमट गई। टीम के लिए ओपनर फिल सॉल्ट की उंगली की चोट बड़ा झटका है। उनकी गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल पर विराट कोहली के साथ तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल से भी मध्यक्रम में बड़े स्कोर की उम्मीद है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण है। भुवनेश्वर कुमार नई गेंद से विकेट निकाल रहे हैं, जबकि जोश हेजलवुड का सटीक स्पेल बल्लेबाजों को बांधे रखता है। स्पिन में क्रुणाल पंड्या 9 विकेट लेकर प्रभावशाली रहे हैं। इकाना में अब तक 26 मैच खेले गए लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है। यहां अब तक कुल 26 IPL मैच खेले गए। 10 मैच में पहले बैटिंग और 14 में चेज करने वाली टीमों को जीत मिली। एक मैच बेनतीजा भी रहा। जबकि एक मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ है। यहां IPL का सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम है, जिन्होंने 2024 में लखनऊ के खिलाफ 235/6 रन बनाए थे। वहीं, सबसे छोटा स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नाम दर्ज है, जब वे 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 108 रन पर सिमट गए थे। दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड। लखनऊ सुपर जाइंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, एडन मार्करम, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, आवेश खान, शाहबाज अहमद, अब्दुल समद। ——————– इसे भी पढ़िए… इकाना में विराट की 15 फीट ऊंची तस्वीर लगी : बिहार से पोस्टर लेकर पहुंचे फैंस; बोले- कोहली राजा है, एग्जाम की तैयारी छोड़ देखने आए लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 7 मई को LSG और RCB के बीच IPL का मैच खेला जाएगा। मैच को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। सबसे ज्यादा क्रेज RCB के धुआंधार बल्लेबाज विराट कोहली की है। स्टेडियम गेट पर उनकी 15 फीट ऊंची तस्वीर लगाई गई है। (पूरी खबर पढ़िए)



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>