UPSC देने वालों की सुविधा के लिए DMRC का फैसला, इस सेक्शन में 16 जून को सुबह 6 बजे से चलेगी मेट्रो
ऐप पर पढ़ें
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि 16 जून हो होने वाली UPSC (संघ लोकसेवा आयोग) परीक्षा के मद्देनजर फेज-3 सेक्शन्स पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं रविवार सुबह 6 बजे से उपलब्ध रहेंगी। इस बारे में शुक्रवार को DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने जानकारी दी।
अनुज दयाल ने कहा कि तीसरे चरण के सेक्शन्स पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं जो आमतौर पर रविवार को सुबह 8 बजे शुरू होती हैं, वे 16 जून को सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएंगी। आगे उन्होंने कहा, यह व्यवस्था संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए की जा रही है।
दिल्ली मेट्रो के फेज-3 सेक्शन में दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल, नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मुंडका से ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बदरपुर बॉर्डर से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़), मजलिस पार्क से शिव विहार, जनकपुरी पश्चिम से बॉटनिकल गार्डन और ढांसा बस स्टैण्ड से द्वारका के बीच चलने वाली ट्रेनें आती हैं।
दयाल ने बताया कि अन्य सेक्शन्स पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से अपने सामान्य कार्यक्रम के अनुसार ही चलेंगी।
उधर NCRTC (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्रीय परिवहन निगम) ने गुरुवार को कहा कि आगामी UPSC परीक्षा के मद्देनजर नमो भारत ट्रेन सेवाएं रविवार को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। NCRTC ने क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर के आसपास स्थित केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे के बजाय सुबह 6 बजे से सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें साहिबाबाद से गाजियाबाद के मोदी नगर उत्तर तक RRTS कॉरिडोर पर चलती हैं। नमो भारत के परिचालन खंड के आसपास कई शैक्षणिक संस्थान हैं, जहां अक्सर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं।