UP-MP समेत 5 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी: महाराष्ट्र से केरल तक रेड अलर्ट; महू में बारिश के लिए जिंदा आदमी की शवयात्रा निकाली

- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; Mumbai UP Rainfall Alert | Rajasthan MP Delhi Bihar Monsoon Forecast
24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मानसून पूरे देश में सक्रिय है। सबसे ज्यादा असर देश के पश्चिमी राज्यों महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, गोवा में देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने 14 जुलाई को इन राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट दिया है। जबकि असम, मेघालय, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल और झारखंड में तेज बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को बिजली गिरने से कम से कम 43 लोगों की मौत हुई। शनिवार को बिहार में भी 21 लोगों मारे गए। इनमें ज़्यादातर खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे, मवेशी चरा रहे थे या बारिश से बचने के लिए पेड़ों के नीचे शरण ले रहे थे।
उधर, असम में बाढ़ से सात और लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही राज्य में बारिश, लैंडस्लाइड और बिजली गिरने से मरने वालों की संख्या 107 हो गई है। राज्य के 20 जिलों के 8.4 लाख से ज्यादा बाढ़ की चपेट में हैं।
वहीं मध्यप्रदेश के महू जिले के आमबाचंदन गांव में एक अलग नजारा दिखा। यहां बारिश के लिए इंद्रदेव को प्रसन्न करने जिंदा व्यक्ति की शवयात्रा निकाली गई।

देश में तेज बारिश का असर…
महाराष्ट्र: रायगढ़, रत्नागिरी में रेड अलर्ट, मुंबई में येलो अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी के तटीय इलाकों, पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सतारा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रविवार 14 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि ठाणे के लिए ऑरेंज और मुंबई के लिए येलो अलर्ट दिया है। राज्य के बाकी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश: बिजली गिरने से आधे घंटे पहले अलर्ट देगा टाइम ऑफ अराइवल सिस्टम
उत्तर प्रदेश देश में बिजली गिरने से होने वाली सबसे ज्यादा मौतों वाले राज्यों में शामिल है। जुलाई मेंअब तक बिजली गिरने से 84 लोगों की मौत हो चुकी है। इसलिए अब यहां टाइम ऑफ अराइवल तकनीक पर आधारित सिस्टम लगाया जाएगा।
स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक IMD फिलहाल किसी क्षेत्र में बिजली गिरने की संभावना के बारे में चेतावनी देने के लिए रडार-बेस्ड सिस्टम और सेटेलाइट डेटा पर निर्भर है, लेकिन यह रियल टाइम अलर्ट नहीं माना जाता है। ToA सिस्टम बिजली गिरने की संभावना का 30 मिनट पहले पता लगाकर चेतावनी दे सकता है।
इस सिस्टम की कुल लागत 300 करोड़ है। पहले फेज में 37 जिलों में लाइटनिंग अलर्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। दूसरे फेज में 20 और तीसरे फेज में 18 जिलों में लगाया जाएगा।


देश भर में मौसम की तस्वीरें…

फरीदाबाद: पुराने रेलवे स्टेशन के पास एक अंडरपास में पानी भर जाने के कारण फंसे एक ऑटो-रिक्शा को धक्का देकर निकालना पड़ा।

नगांव: असम के इस जिले के कालियाबोर में एक ग्रामीण बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाता हुआ दिखा।

मुंबई: मुंबई में बारिश के बीच स्कूली बच्चे खुद को बचाने एक ही रेनकोट का सहारा लेते नजर आए। आज मुंबई में येलो अलर्ट है।

कन्याकुमारी: कन्याकुमारी जिले में टूरिस्ट थिरुपर्रापू झरने की खूबसूरती देखने पहुंचे। ये झरना बारिश में ही नजर आता है।
एमपी, यूपी समेत 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़ में तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार मिलाकर कुल 21 जगह बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आगे मौसम कैसा रहेगा…
- कोंकण, गोवा, केरला, कर्नाटक के तटीय इलाकों, महाराष्ट्र के घाट से लगे हुए इलाकों, नगालैंड और गुजरात में 14 से 17 जुलाई तक बहुत ज्यादा बारिश की संभावना है।
- असम, मेघालय, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल और झारखंड में तेज बारिश हो सकती है।
राज्यों की मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश : इंदौर-भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश:अगले 24 घंटे में 20 जिलों में अलर्ट

मध्यप्रदेश में उत्तरी गुजरात में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सागर, दमोह में तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इधर, महू के आमबाचंदन गांव में इंद्रदेव को मनाने के लिए ग्रामीणों ने जिंदा आदमी की अंतिम यात्रा निकाली। पढ़ें पूरी खबर…
राजस्थान : 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, श्रीगंगानगर में मकान की छत गिरी, तीन भाई-बहन घायल

उत्तरी राजस्थान के जिलों में शुक्रवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हनुमानगढ़-गंगानगर में तूफान के कारण कई जगह पेड़ और कच्चे मकानों के टीनशेड गिर गए। जयपुर, झालावाड़, चूरू, बूंदी, बारां, बांसवाड़ा, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, बीकानेर में भी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज (शनिवार) भी उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर…
छत्तीसगढ़ : 4 जिलों में झमाझम बरसात, रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव

छत्तीसगढ़ के 4 जिले रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में दोपहर बाद मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। रायगढ़ में एक हफ्ते बाद हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। 9 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में हैवी रेन कि संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…
