UP By Election Results Live: नौ सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज, मतगणना सुबह 8 बजे से; सपा-भाजपा के बीच टक्कर

07:00 AM, 23-Nov-2024
14 टेबल पर 24 राउंड में पूरी होगी गिनती
मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर उपचुनाव की गिनती 14 टेबल पर 24 राउंड में पूरी होगी। प्रत्येक चरण में 14 बूथ के नतीजे सामने आएंगे। नन्हेड़ा से गिनती शुरू होकर घटायन में जाकर पूरी होगी। तीसरे चरण में मुस्लिम आबादी की अधिकता वाले सीकरी गांव की गिनती से नतीजों की तस्वीर साफ होनी शुरू हो जाएगी।
सात महीने पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा-रालोद का गठबंधन हुआ था। बिजनौर लोकसभा की मीरापुर सीट पर वर्तमान सांसद चंदन चौहान ने सपा के दीपक सैनी को करीब आठ हजार मतों से हराया था। विधानसभा के उपचुनाव में गठबंधन वही है, लेकिन प्रत्याशी बदल गए हैं।
07:00 AM, 23-Nov-2024
खैर की मतगणना के होंगे 31 राउंड
अलीगढ़ डीएम विशाख जी ने बताया कि खैर विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 20 नवंबर को हुए मतदान की मतगणना आज धनीपुर मंडी में प्रातः 8 बजे से होगी। ईवीएम में डाले गए मतों से पहले डाक मत पत्रों की गणना प्रारंभ होगी। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि आरओ कक्ष में स्थापित 07 टेबलों पर डाक मत पत्रों की गणना की जाएगी। ईवीएम में पड़े मतों की गणना 14 टेबल पर होगी। 426 ईवीएम को 14 टेबल पर गिना जाएगा। इस प्रकार से पूरी मतगणना 31 राउंड में समाप्त होगी।
06:38 AM, 23-Nov-2024
कड़ी टक्कर के चलते दुविधा में हैं लोग
यादव बहुल करहल सीट पर हवा सपा के हक में ही रही है, लेकिन भाजपा ने इस बार सैफई परिवार के ही सगे संबंधी और यादव समाज से ही आने वाले अनुजेश सिंह को चुनाव लड़ाकर ट्रंप कार्ड खेल दिया। अनुजेश के सहारे यादव वोट में सेंधमारी के लिए भाजपा ने भरसक प्रयास किया। रुझान के अनुसार अनुजेश काफी हद तक इसमें कामयाब भी रहे। ऐसे में सपा और भाजपा दोनों में कांटे का मुकाबला रहा। यही कारण है कि लोग ये फैसला नहीं कर पा रहे हैं आखिर जीत किसकी होगी। इसी कारण उन्हें मतगणना का बेसब्री से इंतजार है।
06:16 AM, 23-Nov-2024
करहल बनी हॉट सीट
उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उप चुनाव हुए, लेकिन इसमें सबसे हॉट सीट करहल ही बनी हुई थी। उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश की नजरें इस सीट पर है। दरअसल सपा की बादशाहत वाली ये सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां से अखिलेश यादव विधायक थे। उनके इस्तीफे के बाद ही यहां उप चुनाव हो रहा है। सपा, बसपा और भाजपा समेत कुल 7 प्रत्याशी करहल सीट पर मैदान में थे। सपा से जहां मुलायम सिंह यादव के पौत्र और अखिलेश यादव के भतीजे तेजप्रताप यादव ने चुनाव लड़ा तो वहीं उन्हें उनके फूफा अनुजेश सिंह भाजपा से चुनौती दे रहे थे। बसपा से अवनीश शाक्य भी इस सियासी दंगल को जीतने के लिए दांव पेच लगाते रहे।
05:51 AM, 23-Nov-2024
भाजपा और सपा के बीच टक्कर
सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी अपने मजबूत किलों को बचाती दिख रही है। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल में यह दावा किया गया कि समाजवादी पार्टी को नुकसान हो रहा है। कई एग्जिट पोल के मुताबिक 9 सीटों में से 6 पर भाजपा, एक सीट पर रालोद और 2 सीटों पर सपा बढ़ बनाती दिख रही है। मतगणना सवेरे 8 बजे से होगी।
05:41 AM, 23-Nov-2024
UP By Election Results Live: नौ सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज, मतगणना सुबह 8 बजे से; सपा-भाजपा के बीच टक्कर
उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सीसामऊ में सबसे कम 20 राउंड और कुंदरकी, करहल, फूलपुर व मझवां में सबसे अधिक 32 राउंड में मतगणना होगी। मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा की गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मीरापुर, कुन्दरकी, गाजियाबाद, खैर सुरक्षित, करहल, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी और मझवां विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 23 नवंबर को होगी। सीसीटीवी से निगरानी होगी।