Shahpura News: Amit Shah Awarded President’s Police Medal To Aseem Vyas Of Shahpura – Amar Ujala Hindi News Live
असीम व्यास को राष्ट्रपति पुलिस पदक देते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहपुरा के निवासी और बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के सेवानिवृत्त आईजी असीम व्यास को उनके विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रविवार को जोधपुर में आयोजित बीएसएफ के 60वें स्थापना दिवस (राइजिंग डे) परेड के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से प्रदान किया गया।
जोधपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री ने बीएसएफ के अद्वितीय योगदान और उनके कर्तव्यनिष्ठ जवानों की सेवाओं की सराहना की। इस परेड में शाहपुरा के असीम व्यास को सम्मानित किया जाना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण था। बीएसएफ के 60वें स्थापना दिवस परेड में असीम व्यास की विशिष्ट सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। यह पदक उनके उत्कृष्ट कार्य, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
असीम व्यास शाहपुरा के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने बीएसएफ में आईजी के पद तक पहुंचकर यह प्रतिष्ठित पदक प्राप्त किया। यह उपलब्धि शाहपुरा के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव का विषय है। असीम व्यास के इस सम्मानित उपलब्धि की खबर से शाहपुरा में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के नागरिकों ने उनके प्रयासों और सेवाओं की सराहना की। स्थानीय निवासियों ने कहा, यह उपलब्धि शाहपुरा के लिए ऐतिहासिक है और हमारे युवाओं को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है। असीम व्यास ने बीएसएफ में अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में बीएसएफ ने सीमाओं पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया।
प्रेरणा स्रोत बने असीम व्यास
असीम व्यास की यह उपलब्धि न केवल शाहपुरा के लिए, बल्कि राजस्थान के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ निश्चय और लगन के साथ हर सपना पूरा किया जा सकता है। शाहपुरा के लोग असीम व्यास के इस सम्मान को शाहपुरा की नई पहचान और गौरव मानते हैं। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने व्यास को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।