देवगढ़ थाना सर्कल के अंतर्गत मंडावर गांव में शनिवार देर रात एक वृद्ध महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सबसे पहले शव देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर देवगढ़ थाना प्रभारी अनिल विश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर देवगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
राजसमंद पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार रात को महिला का शव पूरी तरह जला हुआ मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी महेन्द्र पारीक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं, वहीं रविवार को एफएसएल की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोहनी देवी (उम्र 78 वर्ष) पत्नी शेर सिंह रावत, निवासी डूंगातो की गुवार, मंडावर, के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ गांव में ही रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार महिला का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर एक मकान के पीछे जली हुई अवस्था में मिला। महिला को शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे अंतिम बार देखा गया था।
पढ़ें: देशभक्ति की मिसाल बना जयपुर का कर्बला, मुस्लिम युवाओं ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली; लगे जयकारे
महिला की पहचान उसके पैरों में पहने चांदी के कड़े के आधार पर हुई, जिसे उसके पति शेर सिंह ने पुष्टि की। दंपति के दो बेटे हैं, जो वर्तमान में गुजरात में कार्यरत हैं। एएसपी महेन्द्र पारीक ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला के पति की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।