Senior Leaders Will Be Given Preference In The Govt, Youth Will Be Crowned In The Organization – Amar Ujala Hindi News Live


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सरकार में अधिमान मिलेगा। युवाओं की संगठन में ताजपोशी होगी। राज्य सरकार के दो साल के जश्न से पहले निगमों और बोर्डों में नियुक्तियों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सक्रिय नेताओं को राजनीति की मुख्य धारा में लाने को वन मैन वन पोस्ट का सिद्धांत सहायक बनेगा। कांग्रेस मुख्यालय शिमला में दो दिन सह प्रभारियों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवों चेतन चौहान और विदित चौधरी की अध्यक्षता में कई नेताओं के साथ हुई बैठकों में इस बारे में संकेत मिले हैं।
सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप कुमार और कुलदीप सिंह राठौर से सह प्रभारियों ने मुलाकात की। 2022 का विधानसभा लड़ने वाले पार्टी प्रत्याशियों के साथ भी एक-एक कर चर्चा की गई। मंगलवार को कांग्रेस के अग्रणी संगठनों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर चला। पार्टी हाईकमान की ओर से शिमला भेजे गए दोनों सह प्रभारी कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन करने के साथ सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल भी बैठाने का काम करने आए हैं। बैठकों के बाद कई नेताओं ने बताया कि संकेत मिले हैं कि जल्द निगमों और बोर्डों में रिक्त चल रहे अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पद भरे जाएंगे।