RJD की रेखा देवी पर नीतीश के बयान पर हंगामा, तेजस्वी बोले- आपको छोड़कर किसी को कुछ नहीं पता
ऐप पर पढ़ें
बिहार विधानसभा में आज आरजेडी की महिला विधायक रेखा देवी पासवान पर सीएम नीतीश की टिप्पणी को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। पहले राबड़ी देवी और अब उनके बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है। और मुख्यमंत्री नीतीश के बयान को उनकी आदत बताया है। साथ ही तंज भी कसा है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि महिला हो कुछ जानती हो? महिलाओं पर ओछी, गैर वांछित, असभ्य, अशिष्ट एवं निम्नस्तरीय टिप्पणियां करना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आदत में शुमार हो चुका है। प्रदेश के लिए यह अत्यधिक गंभीर व चिंतनीय विषय है। सीएम ने कुछ दिन पूर्व आदिवासी वर्ग की बीजेपी की महिला विधायक पर भी सुंदरता संबंधित भद्दी टिप्पणी की थी।
आज अनुसूचित जाति की दो बार से महिला विधायक रेखा पासवान जी पर टिप्पणी की। सृष्टि के सबसे बड़े ज्ञाता, ध्याता, व्याख्याता और रचयिता तो नीतीश जी बन चुके है, इनको छोड़ कर किसी को कुछ पता नहीं, किसी को कुछ आता-जाता नहीं।
आपको बता दें इससे पहले राबड़ी देवी ने भी नीतीश कुमार के इस बयान का विरोध जताते हुए पलटवार किया था। और कहा था कि उनकी शुरू से आदत है, घरेलू मैटर है, हम तो सब जानते हैं कि वो महिला को कैसा मान-सम्मान देते हैं। घर से ही उनकी आदत है, महिला को बढ़ावा देने की बात करना बस दिखावा है। पहले भी हाउस में लड़का-लड़की के बारे में क्या बोले थे, दुनिया में हंसाई हुई थी, महिला को मान सम्मान आरजेडी और महागठबंधन के लोग देते हैं।
आपको बता दें विधानसभा में जब आरजेडी की विधायक रेखा देवी भाषण दे रही थीं। तो सीएम नीतीश ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि आप क्या बोल रही है। महिला हो, कुछ जानती नहीं हो। पता नहीं क्या-क्या बोल रही है। आपको पता है कि महिलाओं की क्या स्थिति थी। 2005 के बाद ही महिलाओं की स्थिति ऐसी हुई।
नीतीश ने कहा अरे, महिला हो। कुछ जानती नहीं हो। बोल रही है, कहां से आकर। इन लोगों के साथ आकर। अरे 2005 के बाद ही न महिला को आगे बढ़ाए हैं। ऐसे ही बोल रही हो, फालतू। इसीलिए हम कह रहे हैं कि चुपचाप सुनो।