Rajasthan Weather Forecast Today: Winter Arrival Mount Abu, Cold Increased Sikar-sirohi News In Hindi – Amar Ujala Hindi News Live


राजस्थान मौसम
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। लेकिन अब भी प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान की तरफ ठंड का प्रभाव है। लेकिन न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिल रहा।
बता दें कि सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री और सिरोही जिले में 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। करीब एक सप्ताह से यहां यही स्थिति बनी हुई है। हिल स्टेशन माउंटआबू में हर रोज पारा एक डिग्री कम हो रहा है। बीते 24 घंटे में यहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
इस बार पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार सर्दियां भी कड़ाके की पड़ सकती हैं। हालांकि, इसके लिए प्रदेश में अभी नया वेदर सिस्टम डेवलप नहीं हुआ है। इसके अलावा पहाड़ों पर भी बर्फबारी में देरी हो रही है। राजस्थान का मौसम चक्र बीते एक साल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और बारिश वाला रहा है। इसलिए अनुमान है कि इस बार सर्दी भी बहुत ज्यादा रहने वाली है। सर्दी कई साल का रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। इसका असर अभी से दिखाना शुरू हो चुका है। नवंबर के पहले सप्ताह में ही प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के नीचे जा चुका है।
जिन जिलों में उपचुनाव, वहां तापमान की स्थिति
-
झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा और वहीं न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया।
-
दौसा में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।
-
नागौर (खींवसर) में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-
डूंगरपुर (चौरासी) में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस।
-
उदयपुर (सलूंबर) में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 12.7 डिग्री सेल्सियस।
-
टोंक (देवली-उनियारा) में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस।
-
अलवर (रामगढ़) में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।