PM मोदी भाजपा हेडक्वार्टर में कर्मचारियों से मिले: लोकसभा चुनाव में उनके प्रयासों की सराहना की; 4 जून को कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था

नई दिल्ली58 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भाजपा के ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रम के दौरान पार्टी हेडक्वार्टर में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (18 जुलाई) को भाजपा हेडक्वार्टर में पार्टी कर्मचारियों से मुलाकात की। मोदी ने लोकसभा चुनावों में उनके काम की सराहना की और सफलता के बारे में बात की।उन्होंने लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद कर्मचारियों को और अच्छा परफॉर्म करने के लिए प्रेरित किया।
कर्मचारियों से मोदी के मुलाकात को ‘स्नेह मिलन’ नाम दिया गया। प्रधानमंत्री रात करीब 8:30 बजे पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचे थे। वहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मोदी करीब डेढ़ घंटे बाद रात 10 बजे पार्टी ऑफिस से बाहर निकले।

दिल्ली स्थित भाजपा हेडक्वार्टर के कर्मचारियों के साथ PM मोदी, केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (ओआरजी) बीएल संतोष।
अमित मालवीय बोले- कई कर्मचारी दशकों से काम कर रहे
भाजपा के IT डिपार्टमेंट हेड अमित मालवीय ने X पर मोदी की कार्यकर्ताओं से बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘आज PM मोदी उन कार्यकर्ताओं से मिले, जिनमें से कई दशकों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी को 2 सीटों से 303 तक बढ़ते देखा है। तब हमारे पास सिर्फ एक एंबेसेडर कार थी और अब एक बेड़ा है। उन्हें सम्मानित किया जाना एक भावनात्मक क्षण था।’
प्रधानमंत्री मोदी 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद भी पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले थे और उनका आभार जताया था। 2014 और 2019 में भाजपा ने अपने दम पर सरकार बनाई थी। हालांकि, 2024 में भाजपा सिर्फ 240 सीट हासिल कर सकी। यानी बहुमत के आंकड़े 272 से कम। सहयोगी दलों की मदद से NDA की सरकार बन सकी।
PM ने 4 जून को रिजल्ट के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था
4 जून 2024 को नतीजों के बीच मोदी भाजपा हेडक्वार्टर पहुंचे थे। तब तक रिजल्ट लगभग स्पष्ट हो चुके थे। मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, लेकिन जुबान पर भाजपा कम और NDA का नाम ज्यादा रहा। 34 मिनट के धन्यवाद भाषण में भाजपा का नाम 8 बार लिया तो NDA (भाजपा के सहयोगी दल) का हवाला 10 बार आया।
प्रधानमंत्री ने विशेष तौर पर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र किया। उन्होंने दोनों के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही तीसरे कार्यकाल में NDA नेतृत्व में अच्छा काम करने का भरोसा दिया।

मोदी पार्टी कार्यालय पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उन पर रंग-बिरंगे कागज उड़ाकर स्वागत किया।
मोदी की 34 मिनट की स्पीच सिलसिलेवार पढ़ें…
1. चुनाव आयोग पर
मोदी बोले- ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता से संपन्न कराया। करीब 100 करोड़ मतदाता, एक करोड़ मतदान कर्मी, 11 लाख बूथ इतनी प्रचंड गर्मी में कर्मियों ने अपने दायित्वों को बखूबी निभाया।
2. मतदाताओं पर
इस बार भारत में जितने लोगों ने मतदान किया। वह दुनिया के अन्य लोकतांत्रिक देशों की जनसंख्या से भी ज्यादा है। जम्मू कश्मीर ने रिकॉर्ड मतदान करके दुनिया में भारत को बदनाम करने वालों को आइना दिखा दिया है। मैं देश भर के सभी दलों, सभी उम्मीदवारो का अभिनंदन करता हूं। सभी की भागीदारी के बिना लोकतंत्र की सफलता संभव नहीं है।
3. कांग्रेस पार्टी पर
इस चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा के चुनाव हुए वहां पर एनडीए को भव्य विजय मिली। अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम या ओडिशा हो। इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। शायद उन्हें जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया होगा।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा, राजनाथ सिंह और अमित शाह ने मोदी को फूलों का हार पहनाकर अभिनंदन किया।
4. ओडिशा-आंध्र में जीत पर
यह पहली बार होगा, जब जगन्नाथ की धरती पर बीजेपी का सीएम होगा। बीजेपी ने केरल में भी सीट जीती है। तेलंगाना में हमारी संख्या दो गुना हो गई है। मध्यप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल ऐसे कई राज्य में हमारी पार्टी ने क्लीन स्वीप किया है। विश्वास दिलाता हूं कि केंद्र सरकार विकास में कसर नहीं छोड़ेगी।
5. UPA के कार्यकाल पर
2013-14 में देश निराशा में डूब चुका था। हर दिन अखबारों की हेडलाइन घोटालों से भरी रहती थी। युवा भविष्य को लेकर आशंकित थे। ऐसे समय देश ने हमें मौका दिया। हम सभी ने पूरी ईमानदारी से काम किया। 2019 में इसी प्रयास पर विश्वास व्यक्त करते हुए देश ने प्रचंड जनादेश दिया। इसके बाद एनडीए का दूसरा कार्यकाल विकास की गारंटी बन गया।
6. मां को याद किया
आज का यह पल निजी तौर पर मेरे लिए भी भावुक करने वाला पल है। मेरी मां के जाने के बाद यह मेरा पहला चुनाव था, लेकिन सच मानिए देश की मां, बहनों और बेटियों ने मां की कमी मुझे खलने नहीं दी। मैं जहां-जहां भी गया। मुझे आशीर्वाद मिला। देश में महिलाओं ने वोटिंग के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। देश की माताओं-बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी है।

प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और अमित शाह ने विक्ट्री साइन दिखाकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर उत्साह बढ़ाया।
7. 10 साल की सरकार पर
पिछले 10 साल में देश ने कई बड़े फैसले लिए हैं। हमने दुनिया की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 साल बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल मिला। 4 करोड़ लोगों को पक्के घर मिले। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला। राष्ट्र प्रथम की इसी भावना के चलते कश्मीर से धारा 370 हटी। आप याद करिए कोरोना का इतना बड़ा संकट आया।
8. विकसित भारत पर
हमने वही फैसला लिया, जो देश हित में था, जनहित में था। इसी का नतीजा है कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती इकोनॉमी है। राष्ट्र प्रथम की यह भावना भारत को आत्म निर्भर बनाएगी। हमारे सामने एक महान संकल्प है। विकसित भारत का संकल्प। लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद हमारा हौसला बढ़ाता है।
9. भाजपा की जीत पर
हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी अकेले भाजपा ने जीती हैं। बीजेपी के कार्यकर्ताओं को कहूंगा, आपकी मेहनत आपका पसीना ये मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। अगर आप 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप दो कदम चलेंगे। मोदी 4 कदम चलेगा। हम मिलकर चलेंगे। देश को आगे बढ़ाएंगे।

लोकसभा चुनाव में दूसरी बार जीत के बाद 23 मई 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह के साथ भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए।
10. तीसरे कार्यकाल पर
तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का गवाह बनेगा। ये मोदी की गारंटी है। एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता हर वर्ग के विकास की रही है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। इसमें से बड़ी संख्या एससी-एसटी की है। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए।
भाजपा कार्यालय जाने से पहले लिखा- भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि

भाजपा दफ्तर पहुंचने से पहले पीएम ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने लिखा- मैं इस स्नेह के लिए जनता जनार्दन को नमन करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पिछले दशक में किए गए अच्छे कार्यों को जारी रखेंगे। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी सलाम करता हूं। शब्द कभी भी उनके असाधारण प्रयासों के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।