Published On: Sun, Jun 9th, 2024

Monsoon Update: बंगाल में 8 दिनों से अटका है मॉनसून, कब पहुंचेगा बिहार; महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी


IMD Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले 8 दिनों से बंगाल के इस्लामपुर में अटका हुआ है। पूर्वी भारत में मॉनसून रुकने के कारण बिहार में इसके समय पर आने के आसार कम हैं। वहीं पश्चिम से दक्षिण की ओर मॉनसून तेजी से बढ़ रहा है। इसी कारण शनिवार को मॉनसून महाराष्ट्र में जहां आगे बढ़ा, वहीं छत्तीसगढ़ और ओडिशा में प्रवेश किया। बिहार में 13 से 15 जून मॉनसून प्रवेश करने की संभावित तिथि है। पूर्वी भारत से ही बिहार में मॉनसून प्रवेश करता है।

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में मॉनसून का करंट मजबूत है। इसी कारण पश्चिम से दक्षिण की ओर मॉनसून तेजी से बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी में मॉनसून का करंट कमजोर रहने के कारण 31 मई से उप हिमालयी क्षेत्र स्थित पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में रुका हुआ है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 15 जून से बंगाल की खाड़ी में मॉनसून के करंट में सुधार होगा। इसके बाद ही मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इस दौरान अगर बीच में किसी तरह की हलचल होती है, तो मॉनसून पहले भी आगे बढ़ सकता है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपने निर्धारित समय से एक दिन पहले ही 19 मई को अंडमान-निकोबार में प्रवेश किया था। इसके बाद निर्धारित समय से दो दिन पहले ही केरल में 30 मई को प्रवेश किया। इसके बाद से उसका एक हिस्सा पश्चिम भारत से दक्षिण भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इससे निर्धारित समय से दो दिन पूर्व यानी 8 जून को ही छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मॉनसून प्रवेश कर गया। जबकि पूर्वी भारत की ओर का दूसरा हिस्सा 31 मई से रुका हुआ है। इसी कारण इस्लामपुर से मॉनसून के आगे बढ़ते ही बिहार में मॉनसून प्रवेश करेगा।

महाराष्ट्र में हो रही बारिश

आईएमडी ने 9 जून के लिए महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान में इन क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मुंबई में क्षेत्रीय IMD कार्यालय ने शनिवार को अलर्ट जारी करते हुए कहा, ”अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, रायगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और मध्यम से भारी बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।”

राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश

पूर्वी राजस्थान में शनिवार को कुछ स्थानों पर गरज और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार शनिवार को करौली में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री, धौलपुर में 42.7 डिग्री, जालौर में 42.6 डिग्री, अलवर में 42.2 डिग्री, अंता-बारां में 42.1 डिग्री, बाड़मेर में 41.9 डिग्री, चूरू और वनस्थली में 41.6 डिग्री, जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 41.5 डिग्री व जोधपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अजमेर, भीलवाड़ा, कोटा में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री तो राजधानी जयपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण राज्य में गत कई दिनों से तेज आंधी, बादलवाही और बूंदाबांदी का दौर जारी है। राजधानी जयपुर में भी शनिवार शाम गहरे बादल छाए रहे। 

केरल के पांच जिलों मे भारी बारिश की संभावना

केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लगातार जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावाना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, पथनमथिट्टा के दक्षिणी जिले और कोझिकोड वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के उत्तरी जिलों को दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम एजेंसी ने राज्य के आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, जिसमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्णाकुलम, त्रिशूर और मलप्पुरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 

मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में गर्मी और उमस के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर तेज हवाओं और गरज चमक के बीच हल्की वर्षा के आसार हैं। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में आने वाले उज्जैन व इंदौर में बीते चौबीस घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई। इसके अलावा राज्य के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर गरज चमक की स्थिति के साथ ही तेज हवाएं चलीं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने मौसम की गतिविधियों के मद्देनजर बताया कि प्रदेश के सिंगरौली, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, बड़वानी, अलिराजपुर जिले में तेज हवाओं और गरज चमक की स्थिति के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। इन स्थानों को येलो जोन में रखा गया है। इसी तरह राज्य के हरदा, खंडवा, खरगोन, झाबुआ में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>