Monsoon Update: दिल्ली-UP में इस तारीख को पहुंचेगा मॉनसून, होगी झमाझम बारिश; जानें अपने राज्य का हाल
ऐप पर पढ़ें
Monsoon Updates: उत्तर भारत समेत देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले दिनों राजस्थान के फलौदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया था, जबकि राजधानी दिल्ली में भी 49 डिग्री तक लगभग पहुंच चुका है। यूपी के भी ज्यादातर जिलों में गर्मी की वजह से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने अभी दो से तीन दिनों तक हीटवेव चलने की आशंका जताई है। गर्मी की मार झेल रहे लोग मॉनसून और उसकी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। केरल में इस बार मॉनसून तय समय से एक दिन पहले 30 मई को ही आ चुका है। इसी वजह से लोग राहत महसूस कर रहे हैं कि उनके राज्य में भी मॉनसून जल्द आ सकता है। यहां हम आपको मॉनसून की संभावित तारीख बताने जा रहे हैं…
दिल्ली में कब आएगा मॉनसून? (Delhi Monsoon Date)
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से काफी गर्मी पड़ रही है। हालांकि, रविवार को इसमें कमी आई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों में से नजफगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नरेला में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में 43.4 डिग्री, रिज में 43.7 डिग्री और पालम में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहने, अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने, धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच, स्काईमेट वेदर एजेंसी के महेश पलावत ने कहा है कि दिल्ली में मॉनसून की एंट्री 27 जून को हो सकती है। हालांकि, उसके पहले हल्की फुल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
यूपी में मॉनसून आने की तारीख (UP Monsoon Date)
अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी लोग मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। अभी कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश ने गर्मी कुछ कम कर दी है। मौसम विभाग ने आज से पांच जून तक यूपी के विभिन्न इलाकों में बारिश, आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है। मॉनसून की बात करें तो यूपी में 18-20 जून के आसपास वाराणसी या फिर गोरखपुर की ओर दस्तक दे सकता है। इसके अलावा, राजधानी लखनऊ में मॉनसून के आने की संभावना 23-25 जून के आसपास है।
महाराष्ट्र में कब पहुंचेगा मॉनसून? (Mumbai Monsoon Date)
महाराष्ट्र में भी मॉनसून की बारिश काफी होती है। मुंबईवासी तो सालभर मॉनसून का इंतजार करते हैं। आमतौर पर 10 जून को महाराष्ट्र में मॉनसून की एंट्री हो जाती है। इस बार भी यह तय समय से ही महाराष्ट्र में पहुंच सकता है। कुछ इलाकों में 15 जून को मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की बात करें तो साउथवेस्ट मॉनसून के यहां 10 या फिर 11 जून को पहुंचने की उम्मीद है। सीएम एकनाथ शिंदे ने राज्य के नगर निकायों से अपने स्वयं के आपदा प्रबंधन दल बनाने को कहा है, जो मॉनसून के दौरान भूस्खलन या बाढ़ जैसी स्थितियों में पहले प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में काम करेंगे।
बिहार समेत अन्य राज्यों में कब पहुंचेगा मॉनसून?
बिहार में भी इस बार काफी गर्मी पड़ी है। मौसम विभाग ने राहतभरी खबर देते हुए कहा है कि राज्य में तय समय पर ही मॉनसून की एंट्री हो सकती है। बिहार में मॉनसून 15 जून के आसपास आता है और इस साल भी इसी तारीख को मॉनसून आ सकता है। अन्य राज्यों की बात करें तो गुजरात में 20 जून को और कुछ इलाकों में 25 जून को मॉनसून के आने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 15 जून को मॉनसून दस्तक दे सकता है। इसके अलावा, राजस्थान में मॉनसून 30 जून को आ सकता है, वहीं कुछ इलाकों में यह पांच जुलाई को भी पहुंच सकता है। जम्मू कश्मीर में मॉनसून 25 जून तक दस्तक दे सकता है। मध्य प्रदेश में भी मॉनसून के आने की तारीख 15 और 20 जून है।