Published On: Sat, May 25th, 2024

Mallikarjun Kharge Himachal Visit Rally Live Updates Today – Amar Ujala Hindi News Live – हिमाचल:मल्लिकार्जुन खरगे बोले


Mallikarjun Kharge himachal visit rally live updates today

रोहड़ू में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली।
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चीन-हिंदुस्तान की सीमा पर कब्जा कर रहा है। घर और मकान बनाए जा रहे हैं। मोदी चुप बैठे हैं। उनकी 56 इंच की छाती सिर्फ दिखाने के लिए है। उन्होंने तो नहीं देखा, मगर कोई मशहूर टेलर है तो देखो कि उनकी 56 इंच की छाती है कि नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तो जवाहर लाल नेहरू की तरह होता है, जो सबको समानता से देखते थे। इंदिरा गांधी की तरह होता है, जिन्होंने पाकिस्तान के दो हिस्से किए। पाकिस्तान से बांग्लादेश को आजादी दिलाई। इन्होंने तो पहाड़ खोदकर चूहा निकाला। खरगे ने शनिवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के रोहडू में कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के लिए जनसभा संबोधित की। खरगे ने कहा कि देश में भाजपा भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के नाम पर सत्ता में आई है। जनता को गुमराह कर भाजपा ने जनाधार लिया और बाद में काले धन वालों से हाथ मिलाया।

कर्नाटक, मध्य प्रदेश व गोवा में जनाधार वाली स्थिर सरकार को अस्थिर किया, लेकिन हिमाचल प्रदेश में उनका यह प्रयास नाकाम रहा है। हिमाचल में उनको इसका करारा जवाब भी मिला है और यहां लोग हिमालय की तरह अडिग रहे। भाजपा भ्रष्ट लोगों को अपने साथ जोड़ रही है। राजनीतिक विरोधियों को ईडी, सीबीआई से तंग करवाया जा रहा है। देश में मोदी की तानाशाही बढ़ रही है, जिससे लोकतंत्र खतरे में है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पूरे देश में जीएसटी मुक्त खेती होगी। कृषि उपकरणों, खादों-दवाइयों पर टैक्स खत्म किया जाएगा। फसल बीमा का तीस दिन में भुगतान होगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। देश के भाजपा शासित प्रदेशों में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। इसके खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।

खरगे ने कहा कि देश के लोग भाजपा से दस साल के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। भाजपा का जनाधार खत्म हो चुका है। मोदी सरकार ने जन भावनाओं से खिलवाड़ किया है। इसलिए इस बार केंद्र में कांग्रेस का आना तय है। उन्होंने जनसभा में शिमला संसदीय सीट से विनोद सुल्तानपुरी, मंडी से विक्रमादित्य सिंह, कांगड़ा से आनंद शर्मा, हमीरपुर से सतपाल रायजादा के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी संबोधित किया। शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बागवानों की समस्याओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा। खरगे ने कहा कि हिमाचल पहले से ही बहुत मशहूर स्टेट रहा है। दिल्ली के बाद लोग हिमाचल को ही दूसरी राजधानी के रूप में देखते थे। क्योंकि यहां की प्राकृतिक खूबसूरती सभी का मन मोह लेती है। यह स्विट्जरलैंड से कम नहीं है। हिमाचल एक विशेष प्रदेश है।


भगवान का नाम कम और राहुल व कांग्रेस का नाम ज्यादा ले रहे मोदी

खरगे ने कहा कि मोदी भगवान का नाम कम और राहुल गांधी व कांग्रेस का नाम ज्यादा लेते हैं। इनको सपने में भी यही नाम याद आते हैं। यह कांग्रेस, सोनिया और राहुल से डरते हैं। खरगे ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से 10,000 करोड़ का मुआवजा मांगा, मगर मोदी ने हमारे झोले में पत्थर डाले। दुरुस्ती के लिए कुछ नहीं किया। खरगे बोले कि 1,500 रुपये देने की गारंटी को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस की पिछली सरकारों के बनाए आधारभूत ढांचों को मोदी बेचने पर आ गए हैं। खरीदने वाले अंबानी और अदाणी हैं। मोदी जादू से हर चीज मिलने की बात कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि मोदी ने हिमाचल के लिए क्या योगदान दिया। मोदी सरकार ने उल्टा सेब पर आयात शुल्क घटा दिया।

 

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>