Maharashtra CM News Live: नई सरकार में शिंदे का डिप्टी CM बनना भी तय नहीं! शिवसेना नेता का बड़ा खुलासा, जानें

01:57 PM, 28-Nov-2024
शिंदे के करीबी ने बताया शिवसेना प्रमुख का भविष्य
एकनाथ शिंदे के करीबी नेता और विधायक संजय शिरसाट ने कहा है कि नई सरकार में शिवसेना के प्रमुख का उप मुख्यमंत्री पद लेना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि शिंदे कैबिनेट का हिस्सा होंगे, लेकिन मुख्यमंत्री रह चुके एक व्यक्ति का डिप्टी सीएम बनना ठीक नहीं है। उन्होंने साफ किया कि शिवसेना डिप्टी सीएम के पद के लिए दूसरे नेता का नाम देगी।
12:12 PM, 28-Nov-2024
शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा है कि वह अपने पिता एकनाथ शिंदे पर गर्व करते हैं, क्योंकि उन्होंने गठबंधन धर्म के लिए अपनी निजी महत्वाकांक्षा को किनारे कर दिया। एक्स पर एक पोस्ट पर श्रीकांत ने कहा कि उनके पिता का महाराष्ट्र के लोगों के साथ अटूट बंधन है। उन्होंने दिन-रात समाज के हर वर्ग के लिए मेहनत की। पढ़ें पूरी खबर…
11:48 AM, 28-Nov-2024
एकनाथ शिंदे ने दबाव में भाजपा के समर्थन वाला बयान दिया: शिवसेना यूबीटी
शिवसेना (यूबीटी) की उपनेता सुषमा अंधारे ने दावा किया कि शिंदे ने भाजपा के भारी दबाव में यह कदम उठाया है। अंधारे ने कहा, ‘‘अगर एकनाथ शिंदे बड़ा दिल दिखाना चाहते तो वह 23 नवंबर को ऐसा करते जब चुनाव परिणाम घोषित हुए और भाजपा के पास संख्याबल था। लेकिन उन्होंने भावनात्मक ब्लैकमेलिंग का सहारा लिया और आखिरी क्षण तक मुख्यमंत्री पद पाने की कोशिश करते रहे।’’
11:19 AM, 28-Nov-2024
Maharashtra cm news: ‘भाजपा किसी दबाव में निर्णय नहीं लेती’, बोले शिवसेना-यूबीटी नेता
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता अंबादास दानवे ने बुधवार को कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो स्वतंत्र रूप से निर्णय लेती है और अपने सहयोगी एकनाथ शिंदे के दबाव में काम नहीं करती है। एकनाथ शिंदे फिलहाल महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं। दानवे ने कहा, ‘‘भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो स्वतंत्र रूप से अपने फैसले लेती है। वह शिंदे के दबाव में आकर निर्णय नहीं करती है।’’
10:58 AM, 28-Nov-2024
महाराष्ट्र में क्या है महायुति की सीटों का आंकड़ा?
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन से उबरते हुए भाजपा ने 132 सीट पर जीत दर्ज की जो महायुति की सभी साथी पार्टियों में सबसे ज्यादा है। शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। शिवसेना ने 57 और राकांपा ने 41 सीट जीतीं।
10:34 AM, 28-Nov-2024
संजय राउत का महायुति पर तंज
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेता संजय राउत ने गुरुवार को मीडिया को संबोधित करते हुए महायुति गठबंधन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज उनके पास पूरा बहुमत है…लेकिन सात दिन बाद भी वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री नहीं दे पाए हैं। आखिर वजह क्या है?
राउत ने कहा, “आखिर प्रधानमंत्री, अमित शाह और उनके नेता मुख्यमंत्री का फैसला क्यों नहीं कर पा रहे? वह (एकनाथ शिंदे) हमेशा बालासाहेब ठाकरे का नाम लेते हैं और शिवसेना के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके फैसले दिल्ली में होते हैं। बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना के फैसले कभी दिल्ली में नहीं होते थे। उसके फैसले यहीं मुंबई में होते थे। हम कभी दिल्ली नहीं गए। तब अटल जी और आडवाणी जी हुआ करते थे। हमने कभी उनके सामने दिल्ली जाकर भीख नहीं मांगी।”
10:01 AM, 28-Nov-2024
Maharashtra new cm: बरकरार रह सकता है एक मुख्यमंत्री-दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला
रिपोर्ट्स की मानें तो महाराष्ट्र में अभी एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों का फॉर्मूला जारी रह सकता है। जहां मुख्यमंत्री पद भाजपा के देवेंद्र फडणवीस को मिलने की अटकलें हैं, वहीं डिप्टी सीएम पद एकनाथ शिंदे (शिवसेना) और राकांपा के अजित पवार को मिल सकता है।
09:31 AM, 28-Nov-2024
Maharashtra govt formation: एकनाथ शिंदे कह चुके भाजपा नेतृत्व की पसंद के समर्थन की बात
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बुधवार को सीएम पद को लेकर चल रही चर्चाओं को विराम दे दिया। उन्होंने कहा कि मेरे मन में सीएम बनने की लालसा नहीं है। पीएम मोदी और अमित शाह जो भी निर्णय लेंगे मुझे मंजूर होगा। सरकार बनाते समय मेरी तरफ से कोई अड़चन नहीं आएगी। मैं चट्टान की तरह साथ खड़ा हूं। भाजपा की बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, हमें मान्य होगा। भाजपा का सीएम मुझे मंजूर है।
शिंदे ने कहा कि पिछले ढाई साल में पीएम मोदी और अमित शाह ने मेरा पूरा सहयोग किया। अमित शाह और पीएम मोदी ने बालासाहेब ठाकरे के एक आम शिवसैनिक को सीएम बनाने के सपने को पूरा किया है। वे हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने मुझ पर विश्वास किया। मुझे मुख्यमंत्री बनाया और बड़ी जिम्मेदारी दी। मैं रोने वालों और लड़ने वालों में से नहीं हूं। मैं भागने वाला नहीं समाधान करने वाला व्यक्ति हूं। हम मिलकर काम करने वाले लोग हैं। ढाई साल तक हमने खूब काम किया है। महाराष्ट्र में विकास की रफ्तार बढ़ी है। हमने हर वर्ग की भलाई के लिए काम किया। पढ़ें पूरी खबर…
09:17 AM, 28-Nov-2024
भाजपा के सीएम पद के दावे के पीछे क्या है वजह?
महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और राकांपा के महायुति गठबंधन ने चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। हालांकि, इन सभी दलों में भाजपा का प्रदर्शन जबरदस्त रहा और वह अकेले ही बहुमत के करीब का आंकड़ा जुटाकर सबसे बड़ी पार्टी बनी। इसके बाद से ही भाजपा के कई नेताओं की तरफ से मुख्यमंत्री पद पार्टी के पास रखने की मांग उठने लगी।
09:11 AM, 28-Nov-2024
Maharashtra CM News Live: नई सरकार में शिंदे का डिप्टी CM बनना भी तय नहीं! शिवसेना नेता का बड़ा खुलासा, जानें
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही राज्य में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा जारी है। आज महायुति के शीर्ष नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक होनी है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर एलान हो सकता है। हालांकि, यह संशय बना हुआ है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद अपने पास रखेगी या बड़ा दिल दिखाते हुए शिवसेना के एकनाथ शिंदे को एक बार फिर सीएम बना देगी।