Lok Sabha Elections 2024 LIVE: रायबरेली सीट पर आज ही नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी, तैयारियां शुरू

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कांग्रेस पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए रायबरेली सीट पर राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं अमेठी सीट पर राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया है। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेजी से चल रहा है। 7 मई को तीसरे चरण के तहत 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 94 लोकसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, अयोध्या और कैसरगंज मे भी मतदान होना है। कांग्रेस ने रायबरेली सीट से राहुल गांधी को उतार दिया है। भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह के बेटे को कैसरगंज सीट से उतार दिया है।
सोनिया गांधी ने वर्ष 2004 से 2024 तक रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि वह अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गई हैं। रायबरेली राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी का पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र रहा है। अमेठी और रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार के पारंपरिक क्षेत्र माने जाते हैं क्योंकि इस परिवार के सदस्यों ने कई दशकों तक इन सीट का प्रतिनिधित्व किया है।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की इन दोनों सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारियां शुरू कर दी थीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को दिनेश प्रताप सिंह को रायबरेली से अपना उम्मीदवार घोषित किया। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह सोनिया गांधी से हार गए थे। सूत्रों ने बताया कि गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल के अमेठी से चुनाव लड़ने की उम्मीद है। इस सीट पर राहुल गांधी 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कम हो जाएगा मोदी का एक सांसद- शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि बारामती लोकसभा सीट से उनकी पार्टी की उम्मीदवार सुप्रिया सुले की जीत से संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए एक सांसद का समर्थन कम हो जाएगा सुप्रिया सुले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार की बेटी हैं.बृहस्पतिवार को बारामती लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुरंदर तहसील में सुले के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने किसानों के मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। पुरंदर तहसील पुणे जिले में है।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: बेटे को टिकट मिलने पर क्या बोले बृजभूषण
बेटे को भाजपा का टिकट मिलने पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, तैयारी जो करना है जनता करनी है। भारी संख्या में यहां अयोध्या, ब स्ती वाराणसी के कार्यकर्ता इकट्ठा हैं। अब गोंडा चलना है नॉमिनेशन के लिए।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: राहुल गांधी का आज का शेड्यूल
सुबह 10:20 बजे विशेष विमान से फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग होते हुए जाएंगे भुएमऊ गेस्ट हाउस
दोपहर 12:15 बजे रायबरेली में राहुल गांधी नामांकन करेंगे। 2:10 पर फुरसतगंज से लखनऊ के लिए रवाना होंगे राहुल गांधी।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE आज ही नामांकन करेंगे राहुल गांधी
रायबरेली सीट पर राहुल गांधी आज ही नामांकन भरने जा रहे हैं। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। बतादें कि लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने रायबरेली सीट पर प्रत्याशी का ऐलान किया है। पहले कयास थे कि प्रियंका गांधी इस सीट से मैदान में उतर सकती हैं।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कौन हैं अमेठी से कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा?
किशोरी लाल शर्मा गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं। वह लंबे समय से रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी के प्रतिनिधि के तौर पर कामकाज देख रहे थे। वह मूलरूप से लुधियाना के रहने वाले हैं। हालांकि 1983 में उन्होंने राजीव गांधी के साथ अमेठी में कदम रखा था।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: रायबरेली से भी चुनाव लड़ेंगे राहुल गा्ंधी, कांग्रेस का बड़ा ऐलान
कांग्रेस पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए अपनी दो हॉट सीटो ंपर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी इस बार वायनाड के साथ ही रायबरेली सीट पर भी चुनाव लड़ेंगे। वही ंअमेठी से राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया है। बता दें कि इन दोनों ही सीटों पर 20 मई को पांचवें चरण में मतदान होना है। राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के दिनेश सिंह मैदान में हैं। वहीं अमेठी सीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव लड़ रही हैं। राहुल गांधी को इस सीट पर स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: थोड़ी देर में हो सकता है रायबरेली-अमेठी सीट पर प्रत्याशी का ऐलान
कांग्रेस पार्टी आज ही रायबरेली और अमेठी सीट पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान करेगी। बता दें कि इन सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख करीब है और अब तक कांग्रेस ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: भाजपा के इस फैसले पर भड़के रेसलर
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: भाजपा ने उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से इस बार पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह उनके बेटे करण सिंह को टिकट दे दिया है। बीते साल बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए महिला रेसलर्स ने दिल्ली में महीने भर प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्हें भारतीय कुश्ती संघ (WFI)के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। अब उनके बेटे को जब भाजपा ने चुनावी मैदान में उतार दिया है तो खिलाड़ियों ने एक बार फिर गुस्सा जाहिर किया है। साक्षी मलिक ने कहा कि देश की बेटियां हार गईं और बृजभूषण जीत गए हैं।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: शाह के फर्जी वीडियो मामले में कोई नहीं हुआ पेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो से संबंधित मामले में बृहस्पतिवार को किसी भी राजनीतिक दल का एक भी सदस्य दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा की ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस’ (आईएफएसओ) इकाई के समक्ष पेश नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने झारखंड, उत्तर प्रदेश के कुछ नेताओं और पूर्वोत्तर के एक व्यक्ति को तलब किया था। लेकिन बृहस्पतिवार को कोई भी पूछताछ के लिए नहीं आया।’’शाह का फर्जी वीडियो अपलोड करने और साझा करने के मामले में दिल्ली पुलिस तेलंगाना कांग्रेस के सदस्यों को दूसरा नोटिस दे सकती है।
Lok Sabha Elections 2024 LIVE: बृजभूषण के बेटे को टिकट मिली तो भड़की कांग्रेस
कांग्रेस, टीएमसी और शिवसेना ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को पार्टी का टिकट देने पर भाजपा की आलोचना की है और सत्तारूढ़ दल पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप का सामना करने वाले को पुरस्कृत करने का आरोप लगाया है।
हफ्तों से जारी अटकलों को खत्म करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को करण भूषण सिंह को उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से अपना लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया। करण को उनके पिता और मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह चुनाव मैदान में उतारा गया है। बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।