Lok Sabha Election: Many Star Campaigners Of Himachal Congress-bjp Did Not Climb The Mountains – Amar Ujala Hindi News Live


कांग्रेस-भाजपा के कई स्टार प्रचारक नहीं चढ़े पहाड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के महज चार दिन बचे हैं, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के सभी स्टार प्रचारक यहां पर प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाए हैं। कांग्रेस के इन स्टार प्रचारकों में रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, राज बब्बर, दीपेंद्र हुड्डा, कैप्टन प्रवीण डावर, राजेश लिलोठिया, अलका लांबा जैसे स्टार प्रचारक अभी तक हिमाचल प्रदेश नहीं आ सके हैं। हालांकि, भूपेंद्र हुड्डा का सोमवार को हिमाचल प्रदेश पहुंचने का कार्यक्रम है। इसी तरह ही भाजपा के स्टार प्रचारकों में योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हरदीप सिंह पुरी, हिमंत बिस्वा सरमा, डॉ. मोहन यादव, पुष्कर सिंह धामी, नायब सिंह सैनी, भजन लाल शर्मा, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, दुष्यंत कुमार गौतम, मनोज तिवारी और तेजस्वी सूर्या हिमाचल प्रदेश नहीं पहुंचे हैं। ये वे नाम हैं जो भाजपा और कांग्रेस की ओर से भारतीय निर्वाचन आयोग को थमाई गई सूची में शामिल हैं। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची 13 मई को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिप अरुण सिंह ने आयोग को प्रेषित की थी, जबकि कांग्रेस की सूची कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने 14 मई को भेजी थी। दोनों ही दलों की ओर से 40-40 नेताओं के नाम सूची में डलवाए गए थे। इनमें राष्ट्रीय नेताओं के अलावा प्रदेश के प्रमुख नेताओं के नाम भी शामिल हैं।