राजधानी जयपुर के रामगढ़ मोड़ स्थित कर्बला इलाके में रविवार को देशभक्ति का अद्वितीय नजारा देखने को मिला। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में कर्बला दरगाह से जोरावर सिंह गेट तक एक भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुस्लिम समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यह संदेश दिया कि वतन से मोहब्बत किसी धर्म की मोहताज नहीं होती।
Trending Videos
रैली की शुरुआत कर्बला दरगाह से हुई और जैसे-जैसे बाइकें आगे बढ़ती गईं, देशभक्ति की लहर भी पूरे इलाके में फैलती चली गई। भारत माता की जय, जय हिंद और तिरंगा अमर रहे जैसे नारों से आसमान गूंज उठा। तिरंगे से सजे वाहनों के साथ हर हाथ में राष्ट्रध्वज और हर आंख में गर्व दिखाई दिया।
कर्बला सुधार समिति अध्यक्ष सलीम अहमद ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह संदेश देना है कि जब देश पुकारेगा, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। यह रैली केवल बाइक की रफ्तार नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी निष्ठा, एकता और सम्मान की गूंज है। रैली में सैकड़ों मुस्लिम युवाओं ने भाग लिया और भारतीय सेना को सलाम करते हुए उनके पराक्रम और बलिदान को श्रद्धांजलि दी। युवाओं ने संकल्प लिया कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए वे हर चुनौती का सामना करेंगे।