Iranian Apples Reached Himachal Via Afghanistan, Sold At Rs 90 Per Kg – Amar Ujala Hindi News Live
विदेशी सेब(सांकेतिक)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ईरान का सेब हिमाचल की सोलन मंडी में पहुंच गया है। मंडी में ईरान का सेब 90 रुपये किलो बिका। दिल्ली की आजादपुर मंडी से यह सेब मंगवाया गया था। सस्ती दरों पर बिक रहे ईरानी सेब ने हिमाचल के सेब बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। मंडियों में बिक रहे ईरान के सेब से सीए स्टोर में रखे हिमाचली सेब की मांग घट गई है। ईरान के अलावा अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, चिली, यूएसए और ब्राजील से सबसे अधिक सेब भारत में आयात हो रहा है।
ईरान का सेब अवैध रूप से भारत पहुंच रहा है, जिसके चलते इसके दाम कम है। साफ्ता (साउथ एशियन फ्री ट्रेड एरिया) के चलते बिना शुल्क चुकाए ईरानी सेब अफगानिस्तान के रास्ते भारत पहुंच रहा है। ईरान में सरकार की ओर से भारी अनुदान के चलते सेब उत्पादन की लागत भारत के मुकाबले बहुत कम है। हिमाचल के बागवानों का करीब एक करोड़ पेटी सेब सीए स्टोर में है। सेब की खपत के लिए विदेशों को भारत में बड़ा बाजार मिल रहा है। हिमाचल के बागवानों की मांग है कि जब तक स्थानीय सेब पूरी तरह खत्म नहीं होता, तब तक विदेशी सेब के आयात पर रोक रहनी चाहिए।
आयात हो रहे सस्ते सेब के कारण बागवानों को नुकसान : संजय
संयुक्त किसान मंच के संयोजक संजय चौहान का कहना है कि विदेशों से सस्ता सेब आयात किया जा रहा है। इससे देश और प्रदेश के सेब उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले वर्ष करीब 2.5 करोड़ पेटी (5.10 लाख टन) विदेशों से सेब आयात किया गया। प्रदेश में केवल 2.20 करोड़ पेटी (4.84 लाख टन) सेब की पैदावार हुई। सस्ते आयात से सेब उत्पादकों को बेहद कम दाम मिल रहे हैं।