Independence Day Award : दो अधिकारी समेत 23 पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान, जानिए किसको कौन सा मिलेगा पदक


संजय सिंह और राजेश कुमार शर्मा।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहार पुलिस के दो पुलिस अधिकारियों को विभाग में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) दिया जायेगा। पुलिस मुख्यालय ने इस बात की घोषणा आज की है। एक शहीद सब इंस्पेक्टरऔर और चार पुलिस कांस्टेबल को ग्लैंट्री अवॉर्ड दिया जायेगा। साथ ही16 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक (एमएसएम) देने की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति पदक पाने वालों में अपर पुलिस महानिदेशक संजय सिंह और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार शर्मा हैं। संजय सिंह लॉ एंड ऑर्डर के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एडीजी) हैं, जबकि राजेश कुमार शर्मा डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) हैं। इन दोनों पुलिस पदाधिकारियों को राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) देने की घोषणा की गई है।
जानिये कौन हैं संजय सिंह
संजय सिंह, भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के पदाधिकारी है। इन्होंने वर्ष 1994 में आईआईटी कानपुर से बी०टेक की डिग्री प्राप्त की है। उसके उपरान्त उन्होंने इस सेवा में योगदान किया। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक के रूप में अरवल, गया, सारण, औरंगाबाद तथा भागलपुर इत्यादि जिला में सेवा दिए। आईटीबीपी में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद वे लगभग ढाई वर्षों तक बिहार के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में रहे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इनके द्वारा पुलिस सेवा में दिये गये योगदान के लिए उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त संजय सिंह को पूर्व में आंतरिक सुरक्षा पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक, विशेष ड्यूटी पुलिस पदक (बार) भी मिला है।
कौन हैं राजेश कुमार शर्मा
राजेश कुमार शर्मा 1994 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक हैं। वह वर्ष 2013 में पुलिस निरीक्षक और 2019 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर प्रोन्नत हुए। जनवरी 2017 में इन्हें सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया था। सम्प्रति ये बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस -5 पटना में वरीय पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।