Hp Assembly By Election Result: Sukhu Govt Became More Secure Due To By-election, Five Mlas More Than Majority – Amar Ujala Hindi News Live
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सुक्खू सरकार विधानसभा उपचुनाव में चार सीटें जीत जाने से और सुरक्षित हो गई है। चुनावी नतीजों ने भाजपा के उस लक्ष्य को फेल कर दिया, जिसे कांग्रेस ‘आपरेशन लोटस’ कहती आई है। क्योंकि भाजपा छह में से दो सीटें ही जीत पाई है। उधर, कांग्रेस का विधानसभा में संख्या बल अब 38 पहुंच गया है। वहीं भाजपा के 25 से बढ़कर 27 विधायक हो गए हैं। नतीजे आने से ऐन पहले तीन निर्दलीय विधायकों के भी इस्तीफे मंजूर कर लिए गए। इससे विधानसभा अब 68 के बजाय 65 सदस्यों की रह गई है। यानी वर्तमान में कांग्रेस के बहुमत से पांच विधायक ज्यादा होंगे। वर्तमान में बहुमत के लिए 33 विधायक ही चाहिए। आगामी तीन विस उपचुनाव में अगर भाजपा के टिकट पर तीन निर्दलीय विधायक जीत भी जाते हैं तो भी सुक्खू सरकार सुरक्षित मानी जा रही है। राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए कांग्रेस के छह विधायकों की क्रॉस वोटिंग से उपजा सियासी संकट चुनावी नतीजों से टल गया है।