Himachal Weather Snowfall In Kamrunag Sachhe Jot And Dhauladhar Dense Fog Warning – Amar Ujala Hindi News Live


धर्मशाला की धौलाधार पहाड़ियों पर हुआ हिमपात।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर से फिर मौसम करवट लेगा। 30 नवंबर को मध्यवर्ती और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 30 नवंबर तक बिलासपुर, मंडी और अन्य जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को न्यूनतम तापमान ताबो में – 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा तो अधिकतम तापमान ऊना में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला की धौलाधार की चोटियों, मंडी के कमरूनाग और चंबा के सच्चे जोत पर रविवार रात हल्का हिमपात हुआ।
चंबा में शनिवार रात को हल्की बर्फबारी हुई। इसके चलते लोगों को शुष्क ठंड से राहत मिली। हालांकि, मैदानों में धूप खिली रही। जिले में पिछले करीब दो माह से बारिश नहीं हो रही है। दूसरी तरफ बारिश न होने की वजह से कुछ किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पर रहे हैं। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में रविवार को धूप खिली रही। लाहौल की वादियों में घूमने गए हुए पर्यटकों ने मौसम का आनंद लिया। शनिवार को पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय पारा शून्य से नीचे जाने के कारण पानी जम रहा है। मंडी जिले के धार्मिक स्थल कमरूनाग में शनिवार रात को हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। पहाड़ों में बर्फबारी होने से किसानों, बागवानों, पर्यटकों समेत देव समाज के लोगों में भारी उत्साह है। प्रशासन ने देव कमरूनाग और शिकारी देवी मंदिरों के कपाट पहले ही बंद कर दिए हैं।