Himachal Weather: Rainfall In Kullu, Intense Heat Wave In Una; Know Imd Forecast For Six Days – Amar Ujala Hindi News Live


कुल्लू में झमाझम बारिश हुई।
– फोटो : संवाद
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। कुल्लू में बुधवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। वहीं, शिमला जिले के कई भागों में भी बारिश हुई है।
चौपाल के थरोच क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी शिमला में बुधवार शाम करीब 5:20 के बाद मौसम बदला व बारिश शुरू हुई। जिला मुख्यालय चंबा में दोपहर 2:00 बजे हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
कांगड़ा जिले के कई भागों में अंधड़ के बाद बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई। सोलन जिले में भी शाम को बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज राज्य के कई भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। आज से तीन दिनों तक कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 8 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 9 जून से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बने रहने की संभावना है।