Himachal Tourism: More Than One Crore Tourists Reached Himachal In The First Half Of The Year 2024, – Amar Ujala Hindi News Live


सैलानी।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की आमद में जबरदस्त उछाल देखने में आया है। प्रदेश में वर्ष 2024 की पहली छमाही में एक करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे। इस साल जून के अंत तक रिकॉर्ड 1,00,87,440 पर्यटक हिमाचल के भ्रमण पर पहुंचे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति पर्यटकों से गुलजार हैं।
Trending Videos
इस अवधि में सर्वाधिक पर्यटक कुल्लू और शिमला जिलों में उमड़े। कुल्लू जिले की 4,73,737 और शिमला जिले की 4,48,392 सैलानियों ने यात्रा की। प्रदेश में जुलाई में भी पर्यटकों का आगमन निरंतर जारी है। सरकार के अनुसार प्रदेश की अधिकतर सड़कें पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए खुली हैं और पर्यटक हिमाचल की नैसर्गिक सुंदरता को निहारने के लिए प्रदेश का रुख कर रहे हैं।
अधिकतर सड़कें खोली गईं: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के अधिकांश मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। खराब मौसम के कारण प्रदेश की कुछ सड़कें प्रभावित हुईं थीं, लेकिन वर्तमान में पर्यटकों और आमजन के लिए अधिकतर सड़कें खोली जा चुकी हैं।