Himachal Pradesh mausam khabar heat wave alert in 10 districts shimla manali weather

ऐप पर पढ़ें
Himachal Pradesh Weather: हिमाचल में इस बार भीषण गर्मी और लू पड़ रही है। प्रदेश में करीब 10 शहरों का तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। हमीरपुर के नेरी का तापमान सर्वाधिक 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है तो वहीं कई मैदानी क्षेत्र हीट वेव की चपेट में हैं। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए नौ जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के लोगों को एक खुशखबरी भी दी है। आइये जानते हैं पूरे प्रदेश के मौसम का हाल।
इन जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि ये हीट वेव का अलर्ट ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले को दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री ज्यादा चल रहा है। हीट वेव के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से बाहर निकलने पर छाता और पानी की बोतल साथ लेकर निकलें।
कब होगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने हीट वेव और भीषण गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश के लोगों को एक खुशखबरी भी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 जून को पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के तापमान पर भी अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि इस बीच ऊना का सर्वाधिक तापमान 44.6 का धौलाकुआं 43.2, बिलासपुर 43.1, हमीरपुर 42.5, कांगड़ा 41.8, सुंदरनगर 41.3, मंडी 40.8,चंबा 40.9, बरठीं 41.3, बजौरा 38.5, भुंतर 38.5, नाहन 39.9, सोलन 36.0, धर्मशाला 37.0, शिमला 30.6 मनाली 30.0 सेल्सियस दर्ज किया गया हैं।