himachal pradesh assembly byelection result live kamlesh thakur dehra hamirpur nalagarh assembly seats
ऐप पर पढ़ें
Himachal Pradesh Assembly By-Election Result Live : हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में हुए उपचुनाव के लिए आज मतगणना हो रही है। इन तीनों सीटों पर बुधवार 10 जुलाई को वोट डाले गए थे। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज सुबह 8 बजे कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतों की गिनती का कार्य प्रारंभ हो गया। शुरुआती रुझान एक-दो घंटे में आना प्रारंभ हो जाएंगे और दोपहर तक सभी नौ प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा।
LIVE UPDATES :-
– निर्वाचन आयोग के मुताबिक सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक लगभग 79.04 प्रतिशत, हमीरपुर में 67.72 और देहरा में 65.42 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था।
देहरा विधानसभा क्षेत्र से दो महिलाएं कांग्रेस से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर और निर्दलीय सुलेखा देवी समेत 13 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया। बता दें कि, देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर अपने मत का प्रयोग नहीं कर पाईं, क्योंकि उनका विधानसभा क्षेत्र नादौन है।
ये सीटें तीन निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और केएल ठाकुर (नालागढ़) के 22 मार्च को सदन से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थीं। तीनों ने 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था।
कहां कितने लोगों ने किया मतदान
देहरा विधानसभा में 84,694 मतदाताओं में से 55,408 ने वोट डाला। 29,152 महिला और 26,256 पुरुषों ने मतदान किया। नालागढ़ विधानसभा में 93,831 मतदाताओं में से 74,166 ने वोट डाला। 36,310 महिला, 37854 पुरुष और दो थर्ड जेंडर ने मतदान किया। हमीरपुर विधानसभा में 76,892 मतदाताओं में से 52,073 ने वोट डाला। 27,145 महिला, 24,927 पुरुष और एक थर्ड जेंडर ने मतदान किया।