Himachal Election Result: Only Chandra Kumar, Butel And Bhavani Were Able To Get The Lead From Their Booths, – Amar Ujala Hindi News Live
चंद्र कुमार, आशीष बुटेल और भवानी पठानिया।
– फोटो : संवाद
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, सीपीएस आशीष बुटेल और फतेहपुर से कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ही अपने बूथों से आनंद शर्मा को लीड दिला पाए। शेष कांग्रेस विधायक, सीपीएस और मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र तो दूर की बात है अपने बूथों पर जहां खुद वोट डाला वहां भी कांग्रेस प्रत्याशी को लीड दिलाने में नाकाम रहे। उनके बूथ से भाजपा ने अच्छी बढ़त हासिल की। खेल एवं आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, सीपीएस किशोरी लाल, कैबिनेट रैंक प्राप्त विधायक रघुवीर सिंह बाली, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के बूथों से भाजपा ने अच्छी खासी बढ़त ली है। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के 17 हलकों में कांगड़ा जिले के 13 और चंबा के 4 विस क्षेत्र शामिल हैं।
कांगड़ा में कांग्रेस के 9 और भाजपा के तीन विधायक हैं। धर्मशाला विस क्षेत्र लोकसभा चुनाव के समय खाली था। कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को कांगड़ा के छह कांग्रेस विधायकों के मतदान बूथों पर निराशा हाथ लगी। विधानसभा क्षेत्र जवाली से कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बूथ नंबर एक ढन से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को 365 मत, जबकि भाजपा के डॉ. भारद्वाज को 253 वोट मिले। पालमपुर से सीपीएस आशीष बुटेल के बूथ नंबर 29 पर कांग्रेस को 210 वोट तो भाजपा को 189 वोट पड़े। फतेहपुर विस क्षेत्र से विधायक कैबिनेट रैंक प्राप्त भवानी सिंह पठानिया के बूथ नंबर 2 हाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी को 336 और भाजपा को 178 मत मिले।