Himachal Congress President Pratibha Singh Said Bjp Is Deliberately Tampering With The Constitution – Amar Ujala Hindi News Live – Pratibha Singh:हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोलीं


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (फाइल फोटो)।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संविधान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से केंद्र में भाजपा नेतृत्व एनडीए सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर इसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं और सेवादल पदाधिकारियों को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में मानव अधिकारों की रक्षा की है। आज केंद्र सरकार उन अधिकारों का हनन कर रही है। एक सोची-समझी रणनीति के तहत भाजपा आंबेडकर के संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने इसके लिए कांग्रेसजनों को एकजुट होने का आह्वान किया।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए जिस प्रकार कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो 3,570 किलोमीटर पदयात्रा की थी वह ऐतिहासिक थी। देश का संविधान बचाने के लिए राहुल गांधी केंद्र सरकार से एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में हमें उनके हाथ मजबूत करने हैं।
प्रतिभा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की लोकसभा उपचुनाव में जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि उनके सांसद चुने जाने से कांग्रेस को एक बहुत बड़ी मजबूती मिली है। प्रियंका संसद में महिलाओं की एक मजबूत आवाज बनेंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश सेवादल के प्रभारी नरेंद्र बातिश ने कहा कि देश में विघटनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।