Heat Waves In Bihar: बिहार में बीते 24 घंटे में लू से 10 लोगों की मौत, सबसे ज्यादा औरंगाबाद में कहर, 5 मरे

ऐप पर पढ़ें
पटना सहित 17 शहर सोमवार को भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे। सोमवार को लू लगने से सूबे के विभिन्न जिलों में दस लोगों की जान चली गयी। औरंगाबाद में पांच जबकि आरा, कैमूर व नालंदा, बांका और जमुई जिले में एक-एक की मौत लू लगने से हो गयी। औरंगाबाद जिला सोमवार को बिहार का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
बिहार के 9 जिलों में मंगलवार को भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है, इसमें पटना भी शामिल है। आठ जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड में सोमवार को लू की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य पीड़ित है।खिरियावां बाजार से इलाज कराकर घर लौट रही शीतल देवी रास्ते में ही गिरकर बेहोश गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं कैमूर जिले में मोहनियां प्रखंड क्षेत्र के बिंदपुरवा गांव के एक हलवाई की जान लू लगने से चली गई। ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि उसकी लू लगने से मौत हुई है। आरा में एक युवक की लू से मौत की आशंका है। युवक की पहचान नहीं हो पायी है। वहीं नालंदा के पावापुरी ओपी क्षेत्र के एनएच 20 के किनारे बकरा पुल के पास रविवार को गुजरात से लौट रहे अधेड़ की मौत हो गयी। लोगों की माने तो उनकी तबियत खराब थी। कुछ लोग भीषण गर्मी व लू को उनकी मौत का कारण बता रहे हैं।
मृतक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के पोरहा गांव निवासी 48 वर्षीय रंजीत प्रसाद के रूप में की गयी है। जमुई और बांका जिले में सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि दोनों की मौत लू की वजह से हुई है।