Fight between two parties, cylinder thrown, sword waved | छत से तलवार लहराई, युवक पर सिलेंडर फेंका: गाय को लेकर हुआ था पड़ोसियों में विवाद, पुलिस जाप्ता तैनात – Ajmer News

हवा में हलवाई तलवार व मौके पर भीड़।
अजमेर के खानपुरा चिश्ती नगर में गाय को लेकर शुक्रवार शाम 5 बजे दो पड़ोसियों में विवाद हो गया। जिससे दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। झगड़े में दोनों पक्ष के चार-पांच लोग घायल हो गए। उनमें एक युवक के ज्यादा चोट आने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
एक पक्ष पर हवा में तलवार लहराने व सिलेंडर फेंकने का आरोप भी लगाया है। दोनों पक्ष ने रामगंज थाना पुलिस को परस्पर शिकायतें दी हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।

जेएलएन अस्पताल में उपचाररत वाजिद अली (30)।
थानाप्रभारी रविन्द्र सिंह खींची के अनुसार खानपुरा चिश्ती नगर क्षेत्र में फिरोज खान व रुस्तम नाम के दो पड़ोसी हैं। जिसमें फिरोज का परिवार पशुपालक भी है। साथ ही फिरोज का एक भाई जावेद नगर निगम में वर्तमान पार्षद है। जबकि एक अन्य भाई रईस अहमद पूर्व पार्षद है।
रईस ने बताया कि पशुपालन उनका पुश्तैनी काम है। वे गाय पालते हैं व दूध बेचते हैं। इससे उनका पड़ोसी रुस्तम व उसका परिवार नाराज रहता है। वह कहता है कि गाय उसके घर के आगे से सड़क पर न गुजरे, क्योंकि गाय गोबर कर देती है।
फिरोज के भाई रईस ने बताया कि शुक्रवार को जब वह गाय की दुहारी कर रहे थे तो उस दौरान पड़ोसी परिवार ने गाय पर गर्म पानी फेंक दिया। जिससे गाय बिदक गई।

मौके पर जमा हुई भीड़।
इस पर उसे टोका तो झगड़ा करने लगा। यहां तक की उसके छोटे भाई वाजिद अली (30) पर गैस का सिलेंडर फेंक दिया। जिससे उसके गंभीर चोट आ गई। साथ ही घर की छत से तलवार लहराते हुए उन्हें धमकियां दीं कि पूरे परिवार को जान से खत्म कर देगा। उनका आरोप हैं कि उसके परिवार के लोगों ने उनके परिजन से मारपीट भी की है।
वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि पड़ोसी पालतू जानवरों को उसके घर के आगे जानकर छोड़ देते हैं। पशु गंदगी करते हैं। टोकते हैं तो झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। राजनीतिक रसूख बताते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही कराने की धमकी देते हैं। मारपीट भी करते हैं।
घायल वाजिद अली का जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। अन्य घायलों का भी पुलिस ने मेडिकल कराया है। थानाप्रभारी रविन्द्र सिंह खींची ने बताया कि क्षेत्र में एतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अजमेर के जेएलएन अस्पताल में जमा भीड़।