EC बोला- महाराष्ट्र चुनाव में VVPAT-EVM में कोई मिसमैच नहीं: 288 क्षेत्रों में 1440 VVPAT का मिलान हुआ, विपक्ष ने गड़बड़ी के आरोप लगाए थे

मुंबई6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

95 सीटों के 104 कैंडिडेट्स ने आयोग से EVM और VVPAT पर्चियों के मिलान करने की मांग की थी।
चुनाव आयोग (EC) ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में EVM वोटों से वीवीपैट (VVPAT) पर्चियों के मिलान में कोई मिसमैच नहीं मिला है। चुनाव आयोग ने 288 विधानसभा क्षेत्रों में 1440 का EVM वोटों से मिलान किया। आयोग ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में से रेंडमली चुने गए पांच बूथ से वीवीपीएटी स्लिप्स की अनिवार्य गिनती की गई।
राज्य में विपक्षी दलों ने 20 नवंबर को हुए चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की जीत के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे।
VVPAT स्लिप्स की गिनती का उद्देश्य EVM में दर्ज वोटों की गिनती की पुष्टि करना था, जो संबंधित वीवीपीएटी स्लिप्स से मेल खाती है। आयोग ने कहा कि इस गिनती की पूरी प्रक्रिया के दौरान कैंडिडेट्स के प्रतिनिधि मौजूद थे। बूथ चुनने में भी प्रतिनिधि शामिल थे।
हर सीट में पांच बूथ से वीवीपीएटी स्लिप्स लीं
पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी पर रिकॉर्ड की गई, जिसका फुटेज सुरक्षित रखा गया है। हर सीट में पांच बूथ से वीवीपीएटी स्लिप्स की गिनती आयोग की गाइड लाइन के तहत जरूरी है। रिजल्ट की प्रक्रिया तब तक अधूरी मानी जाती है जब तक यह वैरिफिकेशन पूरा नहीं हो जाता। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटें भाजपा महायुति ने जीती हैं।
कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और एनसीपी (शरद गुट) के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (MVA) ने महाराष्ट्र चुनाव में हारने के बाद EVM पर सवाल उठाए थे और गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। चुनाव आयोग ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन को 230 सीटों पर जीत हासिल हुई। भाजपा ने 132, शिवसेना ( एकनाथ शिंदे) ने 57 और NCP (अजित पवार) ने 41 सीटें जीती थीं।
कांग्रेस के नेतृत्व वाला महा विकास अघाड़ी (MVA) 46 सीटों पर सिमट गया था। शिवसेना (उद्धव) 20, कांग्रेस 16 और NCP (शरद पवार) के हिस्से 10 सीटें आईं। 2 सीटें सपा ने जीती हैं। 10 सीटें अन्य के खाते में गई थीं।
104 कैंडिडेट्स ने आयोग से शिकायत की थी
विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि वोटिंग के दौरान EVM में छेड़छाड़ की गई और VVPAT की पर्चियों से वोटों का मिलान नहीं हो रहा है। 95 सीटों के 104 कैंडिडेट्स ने आयोग से EVMऔरVVPAT पर्चियों के मिलान करने की मांग की थी। उन्होंने चुनाव आयोग से रिजल्ट की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। हालांकि मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया कोई गड़बड़ी नहीं की हुई है। आयोग के अनुसार 31 जिलों की 95 सीटों पर वैरिफिकेशन की मांग की गई थी।
विधायकों ने शपथ नहीं ली महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन रविवार को 105 विधायकों ने शपथ ली। कई विधायकों ने EVM के मुद्दे पर 7 दिसंबर को शपथ लेने से इनकार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया था, जिसके बाद शपथ रोक दी गई थी।
मारकडवाडी विवाद, जिसकी वजह से EVM पर विपक्ष सवाल उठाए
मारकरवाडी के लोगों ने 3 दिसंबर को बैलेट पेपर से मॉक पोलिंग रखी थी, लेकिन प्रशासन ने इसे रोक दिया था।
23 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आया था। सोलापुर जिले की मालसिरस विधानसभा सीट से NCP (शरद) उम्मीदवार उत्तमराव जानकर ने जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के राम सातपुते को हराया था।
रिजल्ट के बाद मालसिरस विधानसभा के मारकडवाडी गांव के लोगों ने दावा किया था कि गांव के ज्यादातर लोगों ने NCP प्रत्याशी को वोट दिए थे, लेकिन EVM के आंकड़े के मुताबिक बीजेपी प्रत्याशी को 1003 वोट मिले हैं और NCP प्रत्याशी को 843 वोट। ये गलत है।
गांववालों का दावा है कि बीजेपी प्रत्याशी को 100-150 वोट से ज्यादा नहीं मिल सकते हैं। गांववालों ने खुद के खर्चे पर स्थानीय प्रशासन से बैलट पेपर पर दोबारा मतदान कराने की अपील की थी, लेकन प्रशासन से इसे खारिज कर दिया था।
इसी के बाद EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए आज गांववालों ने खुद बैलट पेपर पर मतदान का कार्यक्रम आयोजित किया। 3 दिसंबर को सारी तैयारी की गई थी। पोलिंग बूथ तक बनाया गया था, लेकिन प्रशासन ने बैलेट पेपर से ग्रामीणों की तरफ से वोटिंग को रोक दिया था। 17 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।
———————-
ये खबर भी पढ़ें:
शरद पवार बोले- पार्टियों को मिले वोटों और जीती सीटों में अंतर, फडणवीस बोले- देश को गुमराह न करें

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव रिजल्ट पर अब NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने सवाल उठाया है। उन्होंने शनिवार को कोल्हापुर में कहा था कि कांग्रेस को 80 लाख वोट मिले और उसने 15 सीटें जीतीं, जबकि शिंदे की शिवसेना को 79 लाख वोट मिले और 57 सीटें जीतीं। ये तुलना हैरान करने वाली है। पूरी खबर पढ़ें…
महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर होंगे, विपक्ष के 105 विधायकों ने शपथ ली

महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के 105 विधायकों ने शपथ ली। इन सभी ने EVM के मुद्दे पर 7 दिसंबर को शपथ लेने से इनकार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया था। इधर, राहुल नार्वेकर आज पद के लिए नामांकन भर दिया है।उनका निर्विरोध चुना जाना तय है क्योंकि अन्य किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। पूरी खबर पढ़ें…
नांदेड़ में 75 पोलिंग सेंटर पर VVPAT-EVM वोटों का वैरिफिकेशन:30 लोकसभा, 45 विधानसभा सीटों वाले बूथ पर जांच हुई; गिनती में कोई अंतर नहीं मिला

महाराष्ट्र चुनाव में हार के बाद महाविकास अघाड़ी गठबंधन ने EVM में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। चुनाव प्रक्रिया में EVM की सत्यता को साबित करने के लिए चुनाव आयोग (EC) के निर्देश पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में जिला प्रशासन ने 75 वीवीपैट मशीनों का EVM पर पड़े वोटों के साथ वैरिफिकेशन और मिलान किया। हालांकि दोनों के डेटा में कोई अंतर नहीं मिला। महाराष्ट्र में नांदेड़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस को जीत और जिले की 6 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को हार मिली थी। पढ़ें पूरी खबर