Published On: Tue, Jun 25th, 2024

Delhi Weather : दिल्ली में राहत की फुहारों से लुढ़का पारा, मॉनसून पर क्या है मौसम विभाग का अनुमान


राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, नमी बढ़ने के चलते लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। इसके चलते सोमवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स 53 अंक पर रहा। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं, नमी का स्तर 73 से 45 फीसदी तक रहा। इसके बढ़ने से हीट इंडेक्स में बढ़ोतरी हुई।

वायुमंडल में नमी का स्तर, हवा की गति और तापमान के औसत के आधार पर हीट इंडेक्स तैयार किया जाता है। यह एक प्रकार से यह दर्शाता है कि लोग किस स्तर की गर्मी महसूस कर रहे हैं। इस अनुसार देखें तो सोमवार को गर्मी महसूस करने का स्तर काफी ज्यादा रहा, क्योंकि दिल्ली का हीट इंडेक्स 53 अंक पर पहुंचा। अगले चौबीस घंटों के दौरान भी यह 50 से 52 के बीच रहने के आसार हैं।

दिल्ली कब से होगी कूल-कूल, अब खत्म हुआ वेट; IMD ने बता दी मॉनसून की डेट

मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहभर हर रोज हल्की बूंदाबांदी, तेज हवा और बादलों की आवाजाही बनी रहने के आसार हैं। इसके चलते दिल्ली के तापमान में गिरावट आएगी। 29 और 30 जून तक अधिकतम तापमान के 36 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।

कई स्थानों पर जलभराव हुआ : दिल्ली में सोमवार को कई जगहों पर बारिश हुई। इससे कई जगहों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इस दौरान दिल्ली नगर निगम के कंट्रोल रूम में जलभराव और पेड़ गिरने को लेकर शिकायतें दर्ज हुईं। निगम की रिपोर्ट के अनुसार, बारिश के दौरान 12 जगहों पर जलभराव हुआ। साथ ही 11 जगह पेड़ गिरे। इस संबंध में निगम प्रशासन ने सोमवार को जानकारी दी की कई स्थानों पर जलभराव हुआ है।

हवा की गुणवत्ता में सुधार

हल्की बूंदाबांदी का असर दिल्ली की हवा पर भी देखने को मिला है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 142 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है। 

तीसरे वर्ष जून में मॉनसून आने के आसार

राजधानी में लगातार तीसरे साल जून के महीने में मॉनसून का आगमन होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, महीने के आखिरी दो दिनों में मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। हालांकि, इस बीच हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा का क्रम बना रहेगा।

दिल्ली में मॉनसून के आगमन की आधिकारिक तिथि 27 जून है, लेकिन पिछले 14 वर्षों के आंकड़े पर नजर डालें तो स्थिति मिली-जुली रही है। इस दौरान सात बार मॉनसून जून के महीने में तो सात बार जुलाई के महीने में आया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 या 30 तारीख तक दिल्ली में मॉनसून पहुंच सकता है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है, लेकिन हवा की दिशा में होने वाले बदलाव और हवा की दिशा ज्यादातर पूर्वी रहने के चलते ऐसा अनुमान किया जा रहा है।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>