Cm Sukhvinder Sukhu Said- Jairam Should Stop Dreaming Of Forming The Govt And Worry About His Nine Mla – Amar Ujala Hindi News Live
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
![HP Politics: सीएम सुक्खू बोले-सरकार बनाने के सपने लेना छोड़कर अपने नौ विधायकों की चिंता करें जयराम CM sukhvinder Sukhu said- Jairam should stop dreaming of forming the govt and worry about his nine MLA](https://staticimg.amarujala.com/assets/images/2024/06/21/cm-sukhu_6b83a3b63b9a1f045269cbb2b47bded1.jpeg?w=414&dpr=1.0)
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
– फोटो : संवाद
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सरकार बनाने के सपने लेना छोड़ दें। हमारे पास 38 विधायक हैं। हाईकोर्ट में चल रहे सीपीएस के मामले को लेकर जयराम लोगों को बहका रहे हैं। जयराम को अपने नौ विधायकों की चिंता करनी चाहिए, जिनके खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष के पास याचिका लंबित है। भाजपा के नौ विधायकों ने बीते बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुंडागर्दी का नंगा नाच किया था, स्पीकर के सामने सदन पटल पर रखे कागजात को फाड़कर हवा में लहराया था।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से दी गई याचिका पर स्पीकर को फैसला लेना है। कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले में जल्द फैसला लेने का आग्रह किया है। अगर ये नौ विधायक अयोग्य घोषित हुए तो दोबारा चुनाव में एक-दो ही गलती से जीतकर आएंगे। जिससे कांग्रेस विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा की नामांकन रैली को संबोधित कर रहे थे। सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि पूर्व निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा हमीरपुर का सबसे बड़ा खनन माफिया है। उनके 5-6 क्रशर हैं। सारी खड्डों को खाली कर दिया, बड़े पत्थर दिखते ही नहीं हैं। आशीष ने अपना प्रेरणास्रोत राजेंद्र राणा को बनाया हुआ है। अच्छा होता वह प्रेम कुमार धूमल को अपना प्रेरणास्रोत बनाते। क्योंकि उनके आशीर्वाद से ही आशीष ने पैसा कमाया है।
उन्होंने कहा कि वह जनता की संपदा को लुटने नहीं देंगे। भ्रष्टाचार के हर चोर दरवाजे को बंद किया जाएगा। कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता के आभारी हैं कि बीते चुनाव में लोकतंत्र को जीवित किया। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन लोटस के जरिये सरकार को गिराने की कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह सरकार चल रही है। छह बिकाऊ पूर्व विधायक अपने कामों के लिए ब्लैकमेल करते थे, उन्होंने लोगों की समस्याओं को कभी नहीं उठाया। बीते उपचुनाव में उनमें से 4 को जनता ने घर बिठा दिया है। अब तीन उपचुनाव हो रहे हैं, फिर से जनता को इन तीनों निर्दलीय विधायकों को घर बिठाने का काम करना है। हमीरपुर की जनता यहां के बिकाऊ पूर्व विधायक को सबक सिखाए।