Cm Sukhvinder Sukhu: Election Is Not To Save The Government But To Teach A Lesson To Bjp – Amar Ujala Hindi News Live


राहुल गांधी, सक्खू और अन्य ने ऊना गुरुद्वारे में माथा टेका।
– फोटो : संवाद
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने खरीद-फरोख्त करके सत्ता हथियाना चाही, लेकिन प्रदेश की जनता ने वोट देकर कांग्रेस की सरकार बनाई है और वोट का अधिकार सबको दिया है। आजादी के सात दशक और हजारों गुलामियाें के बाद यह अधिकार आम जनता को मिला है और अब पहली जून को प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और इस बार जनबल जीतेगा और धनबल हारेगा। उन्होंने ऊना के झलेडा में राहुल गांधी की न्याय संकल्प सभा में संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव प्रदेश की सरकार को बचाने के लिए नहीं, बल्कि यह चुनाव भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सबक सिखाने का है।
उन्होंने कहा है कि जयराम ठाकुर कांग्रेस के ही विधायकों को चुराकर अब भगवान की दुहाई देते फिर रहे हैं, लेकिन जयराम ठाकुर यह बात गांठ बांध लें कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार साढे तीन साल अपने हर हाल में पूरा करेगी। इसलिए दो विधायकों को भी लोकसभा चुनावों में टिकट दिया है, जिसके चलते चार लोकसभा और छह विधानसभा उपचुनावों की सीटें कांग्रेस पार्टी की सरकार जीतेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री बनाने के लिए राहुल गांधी का भी आभार प्रकट किया और कहा कि सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल में कई फैसले लिए हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर दिए हैं। 1,36,000 कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम दी है और उनका बुढ़ापा सुरक्षित किया है। इतना ही नहीं बल्कि ऐसे बच्चों के लिए भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार सहारा बनी है, जिनका कोई भी नहीं है।