Bihar Weather: मॉनसून कमजोर होने से गर्मी का सितम बढ़ा, बिहार में इस तारीख होगी झमाझम बारिश

ऐप पर पढ़ें
Bihar Weather Monsoon: पटना सहित बिहार में मॉनसून कमजोर पड़ गया है। लेकिन 23 जुलाई से एक बार फिर मानसून के जोर पकड़ने की संभावना है। सूबे में बादल छंटते ही उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल में आद्रता की मात्रा 60 से 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जिस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है। आद्रता अधिक होने के कारण लोगों को रिकॉर्ड तापमान से अधिक का एहसास हो रहा है।
मॉनसून के कमजोर पड़ने और बादल छंटने के कारण सूरज की तल्ख तेवर से बिहार का अधिकतम तापमान 19 दिनों के बाद 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे पहले 28 जून को प्रदेश का सबसे गर्म जिला 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ भोजपुर था। जबकि गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला 40 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज रहा। राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह 6 बजे से ही लोगों को हो रहा भीषण गर्मी का एहसास
पटना वासियों को गुरुवार की सुबह 6 बजे से ही भीषण गर्मी का एहसास हो रहा था। इस दौरान जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे उमस बढ़ती गई। जिस कारण लोगों में बेचैनी बढ़ती गई। लोगों को दिन-रात दोनों समय भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। जहां पटना का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। जिस कारण न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना के दिन और रात के तापमान में 6.9 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर है। जिस कारण 24 घंटे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हो रहा हैं।