Published On: Wed, Jun 12th, 2024

Bihar Weather: बिहार के 15 जिले हीटवेव की चपेट में, पटना समेत इन शहरों में मौसम विभाग का रेड अलर्ट


Bihar Weather Forecast: बिहार में मॉनसून आने से पहले भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दक्षिण बिहार के 15 जिले बुधवार को भी लू यानी हीटवेव की चपेट में रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं, पटना में लगातार छठे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को पटना सहित सात जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 13 जिलों में उष्ण लहर का ऑरेंज अलर्ट है। यानी कि अगले 24 घंटे के भीतर राज्य में झुलसाने वाली गर्मी पड़ने की आशंका है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को पटना, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास और अरवल में भीषण गर्मी एवं हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान और वैशाली जिले के एक या दो स्थानों पर लू चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, उत्तर-मध्य भागों के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर एवं दक्षिण-पूर्व के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया में गर्म एवं आर्द्र दिन रहने की संभावना है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया व कटिहार के एक या दो स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। 

पटना में तीन दिन राहत नहीं

पटना समेत प्रदेश में गर्म पछुआ और रात में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। तीन दिनों बाद मौसम के मिजाज में बदलाव आने के साथ तापमान में गिरावट आने से राहत मिलने की संभावना है। पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। छठे दिन भी पटना का तापमान 40 डिग्री ऊपर दर्ज रहा। अधिकतम तापमान आंशिक गिरावट के साथ 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 44.9 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

हीटवेव की चपेट में रहे ये जिले

पटना, गया, सारण, अररिया, रोहतास, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुरी, वैशाली, औरंगाबाद, नालंदा, सीवान और अरवल में बुधवार को हीटवेव यानी भीषण गर्मी की चपेट में रहे।

मॉनसून पूर्व सीजन में भी बारिश बिन बेहाल रहा बिहार

पूर्व मॉनसून सीजन यानी एक अप्रैल से 31 मई के बीच सूबे में कम बारिश से बिहार के कई जिले बेहाल रहे। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राज्य के 14 जिले ऐसे रहे जहां अप्रैल और मई के मौसम में 21 प्रतिशत से लेकर 71 प्रतिशत तक बारिश की कमी रही। पटना में 37 प्रतिशत, भभुआ में 71 प्रतिशत, भोजपुर में 31 प्रतिशत, सारण में 38 प्रतिशत, गोपालगंज में 23 प्रतिशत, औरंगाबाद में 34 प्रतिशत, सीवान में 29 प्रतिशत की कमी रही। वहीं खगड़िया में 21 प्रतिशत , भागलपुर में 34 प्रतिशत, सहरसा में 51 प्रतिशत, पूर्णिया में 26 प्रतिशत, कटिहार में 35 प्रतिशत, अररिया में 24 प्रतिशत, किशनगंज में 43 प्रतिशत बारिश की कमी अप्रैल और मई के महीने में दर्ज की गई। इसके अलावा सुपौल, शेखपुरा, सीतामढ़ी, रोहतास में बारिश की मामूली कमी देखी गई। 

प्रमुख शहरों का तापमान : ( डिग्री सेल्सियस में) 

शहर        अधिकतम        न्यूनतम 


पटना           42.2            30.5

गया             44.0            28.8

भागलपुर      40.1            28.7

मुजफ्फरपुर   37.4            29.4

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>