Published On: Thu, Jul 25th, 2024

Bihar Vidhan Sabha Live: विधानसभा के अंदर पहली बार विपक्ष की समानांतर सभा; सीएम निकले तो उनकी नकल


12:01 PM, 25-Jul-2024

विधानसभा से विपक्ष का वाकआउट

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने दोपहर 12 बजे घोषणा की कि अब प्रश्नोत्तर काल खत्म होता है। इसके साथ ही विपक्षी दलों के सदस्य सदन से वाकआउट कर गए। सदन से निकलने के बाद विपक्षी दलों ने पोर्टिको में खड़े होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तानाशाह बताते हुए एक बार फिर इस्तीफे की मांग के साथ नारेबाजी शुरू कर दी है। इधर, विधानसभा के अंदर सत्तापक्ष के विधायक सामान्य प्रक्रिया के तहत कार्यवाही में भाग ले रहे हैं।

11:57 AM, 25-Jul-2024

Nitish Kumar : सीएम नीतीश सदन से निकले, उनकी नकल कर रहा विपक्ष

बिहार विधानसभा में विपक्ष के विधायक सवाल-जवाब में नहीं आ रहे। सत्तापक्ष के ही विधायक सरकार से सवाल कर मंत्रियों को घेर रहे हैं। काम अधूरा होने या काम बंद होने पर मंत्रियों को सत्ता पक्ष के ही विधायक घेरते नजर आए। इधर, सदन के अंदर विपक्षी जो शैडो विधानसभा चला रहे, उसमें अध्यक्ष के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नकल भी कर रहे हैं। सतेंद्र राय (सीपीआईएमएल) मुख्यमंत्री की पिछली बातों को नाटकीय अंदाज में दुहरा रहे हैं।

11:38 AM, 25-Jul-2024

विधानसभा में अध्यक्ष के सामने पहली बार ऐसी सभा 

बिहार विधानसभा में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग और टेबल गिराने की कोशिश पर जब अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने सख्ती की हिदायद दी, तो विपक्ष का गुस्सा और बढ़ गया। मुख्यमंत्री इस हंगामे को देख विधानसभा से निकल गए। इसके बाद विपक्षी दलों ने विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी के सामने वेल में ‘अपनी विधानसभा’ खुद की। इसमें महबूब आलम अध्यक्षता करने लगे। विपक्षी विधायक वहीं जमीन पर बैठ गए, जबकि कुछ खड़े होकर इस सभा में शामिल हो गए। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के बार-बार कहने पर भी यह बंद नहीं हुआ।

11:23 AM, 25-Jul-2024

बिहार विधानसभा में अपने सामने टेबल को उठाकर पटकने की कोशिश देख मुख्यमंत्री ने इशारों में अपनी नाराजगी जताई। महागठबंधन के कुछ विधायकों ने एक बार टेबल को गिराने के लिए हल्का उठाया तो सुरक्षा में लगे लोग उसे पकड़ कर वहीं रुक गए। अध्यक्ष ने कहा कि आप अपनी-अपनी जगह पर जाइए, तब आपकी बात को सुनूंगा। इतने पर भी बात नहीं बनी तो सीएम नीतीश कुमार उठकर चले गए। उनके जाने के क्रम मे विपक्ष फिर शोर मचाने लगा, हालांकि कार्रवाई के डर से सदन के अंदर किसी ने भी काली पट्टी नहीं लगा रखी है।

11:09 AM, 25-Jul-2024

Lalu Yadav : दिल्ली से लालू के साथ लौटे तेजस्वी, अबतक नहीं पहुंचे सदन, वेल में विपक्ष का हंगामा

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव दिल्ली से पटना लौट आए हैं। तेजस्वी यादव उनके साथ ही पटना आए हैं, लेकिन अबतक सदन में उनका इंतजार ही हो रहा है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बगैर विपक्षी विधायक विधानसभा अध्यक्ष की बात सुने बगैर लगातार हंगामा कर रहे हैं। कल की तरह विपक्षी विधायक फिर वेल में आकर हंगामा कर रहे हैं। आज तालियां बजाते हुए नीतीश कुमार हाय-हाय करने के बाद उनका इस्तीफा मांगते रहे। एक बार टेबल भी पटका गया, जिसपर अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने सदन की गरिमा बनाए रखने की बात कही। फिर बार-बार टेबल पटके जाते और उठाकर गिराने की कोशिश देख अध्यक्ष ने सीधे कहा कि अगर किसी को चोट लगी तो…।

10:59 AM, 25-Jul-2024

मुख्यमंत्री पहुंच गए सदन, तेजस्वी यादव भी आ रहे

गुरुवार को विधानसभा के चौथे दिन भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में पहुंच चुके हैं। अबतक गैरहाजिर रहे विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी आज विधानसभा में रहेंगे। तेज प्रताप यादव तो बीच-बीच में सत्र में शामिल हो रहे थे, लेकिन तेजस्वी यादव लगातार गैरहाजिर थे।

10:42 AM, 25-Jul-2024

विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस विधायक।
– फोटो : अमर उजाला

सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की

कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के गेट पर आकर प्रदर्शन किया।  उनका कहना है कि जिस तरह से पुलिस ने बर्बरता किया है और मुख्यमंत्री मैं जिस तरह से लाठी चार्ज करवा है या काफी शर्मनाक है। कांग्रेस विधायकों ने बिहार सरकार और सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इधर, वामदल और राजद के विधायकों ने भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बुलडोजर राज, भ्रष्टाचार के खिलाफ कई प्रदर्शन किया।

10:31 AM, 25-Jul-2024

Bihar Vidhan Sabha Live: विधानसभा के अंदर पहली बार विपक्ष की समानांतर सभा; सीएम निकले तो उनकी नकल

बिहार विधानसभा का आज चौथा दिन है। सदन में आज भी हंगामा के आसार हैं। बुधवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की गई थी। इस मुद्दों लेकर कांग्रेस नेता साढ़े 10 बजे ही विधानसभा परिसर पहुंच गए। विधायक काली पट्टी दिखाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अमर उजाला से बातचीत के दौरान कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी और राजेश राम ने बताया कि बिहार सरकार निरंकुश सरकार हो गई है। हम जनता के मुद्दे पर आवाज नहीं उठा सकते हैं क्या? कल जिस तरह रोड पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, वह अन्याय है। यह मौलिक अधिकार का हनन है। क्या लॉ एंड ऑर्डर पर बात करना अपराध है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि हमलोग बिहार सरकार बर्बरतापूर्ण कदम का विरोध करते हैं। इसलिए आज हमलोग मुंह पर काली पट्टी दिखाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>