Bihar News: सहरसा में पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, सवा चार लाख से ज्यादा बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
बच्चों को पोलियो की दवा पिलाते स्वास्थ्यकर्मी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सहरसा जिले में पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत रविवार को डीएम वैभव चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. कात्यानी मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। उद्घाटन समारोह में फीता काटने के बाद बच्चों को पोलियो की जिंदगी की दो बूंद दी गई। यह अभियान 17 नवंबर से 21 नवंबर 2024 तक चलेगा।
डीएम ने कहा कि बीते 13 सालों से भारत में पोलियो का एक भी मामला नहीं आया है। लेकिन पड़ोसी देश में अभी भी मामले सामने आ रहे हैं, जिसके कारण खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी से बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने की अपील की।
जानकारी के मुताबिक, पल्स पोलियो अभियान पिछले 2022 के नवंबर में चलाया गया था। उसके बाद हमारे पड़ोसी मुल्क में पोलियो के वायरस जिस प्रकार से पनप रहे हैं। उसके संक्रमण के बचाव के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सहरसा जिला अंतर्गत 10 प्रखंड एवं शहरी निकाय में कुल अनुमानित 3,61,255 घरों में 809 घर-घर दल भ्रमण करेंगे। इस दौरान चार लाख 28 हजार 26 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के दौरान जिला अंतर्गत रेलवे स्टेशन बस स्टैंड मुख चौक चौराहों पर 96 ट्रांजिट दल लगाए जाएंगे, जो बाहर से आए हुए सभी जन्म से पांच साल के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाएंगे। इस अभियान के दौरान 274 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। कल कुल 694 आइसीडीएस कर्मी, 837 आशा कर्मी और 627 वालंटियर्स को टीकाकर्मी के रूप में प्रतिनियुक्ति किया गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी द्वारा आम जनों से अनुरोध किया गया है कि अपने सभी जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद की खुराक अवश्य पिलवाएं। अभियान को सफल बनाने के लिए पोलियो जागरूकता प्रभात फेरी भी निकाली गई थी।