Bihar News: विजयकांत को जदयू के सभी पदों से किया गया मुक्त, जिलाध्यक्ष ने कहा पार्टी से निष्कासन के लिए की गई अनुशंसा


जदयू नेता विजयकांत को सभी पदों से मुक्त किया गया
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड के व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धनजी प्रसाद द्वारा नालंदा जिला व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजयकांत को जदयू पार्टी के सभी पदों से मुक्त कर दिया गया है। मंगलवार को जदयू जिला कार्यालय बिहार शरीफ में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर मोहम्मद अरशद ने यह जानकारी दी।
जदयू जिला अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया बंधुओं से यह जानकारी मिली थी कि जदयू जिला व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विजयकांत जी के बारे सोशल मीडिया पर ऑडियो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी, मीडिया द्वारा जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि विजयकांत जी द्वारा राजगीर में पार्टी के नाम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बारे में किसी को कोई सूचना नहीं थी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रम के नाम पर पार्टी के सिद्धांतों से हटकर वहां बार-बालाओं का नृत्य कार्यक्रम कराया गया। इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इन्हीं सब कारणों की वजह से हमने पार्टी से निष्कासित करने का प्रदेश अध्यक्ष को अनुशंसा कर दी है। हमारी पार्टी सुशासन की पार्टी है, कानून का राज चलता है। यहां संगठन चलाना है। संगठन का सरकार से कोई मतलब नहीं है। कोई कार्यकर्ता खुद को पार्टी के सिद्धांतों से ऊपर न समझें।
दरअसल, विजयकांत का विगत एक सप्ताह में ऑडियो और वीडियो वायरल हुआ था। ऑडियो में जहां वह ग्रामीण विकास विभाग में नौकरी लगवाने की बात कह रहे थे। वहीं, वीडियो में महिला पुलिसकर्मी को हड़का रहे थे। इसके अलावा रविवार को नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार की जीत एवं संजय झा को कार्यकारिणी अध्यक्ष बनाए जाने की खुशी में बार-बालाओं का राजगीर के एक होटल में डांस कराया गया था।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष मोहम्मद अरशद, पूर्व जिला अध्यक्ष बनारस प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष विनोद प्रसाद सिंह, प्रदेश सचिव मोहम्मद बख्खो, नगर अति पिछड़ा जिला अध्यक्ष जनार्दन पंडित, वरीय जदयू नेता भरत मानस, जिला महासचिव अरविंद कुमार, जदयू नेता रिशु कुमार मौजूद रहे।