Bihar News: गोपालगंज में बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व मुखिया के भाई को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती
घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गोपालगंज में बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने पूर्व मुखिया के भाई को गोली मार दी। उसके बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने पूर्व मुखिया के भाई को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना गोपालगंज जिले के थावे थाना के धतीवना गांव की है। घायल की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है जो धतीवना पंचायत के पूर्व मुखिया अश्विनी सिंह के भाई हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह धतीवना गांव निवासी अजय सिंह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अजय सिंह को गोली मार दी और आसानी से फरार हो गए। गोली अजय सिंह के पैर में लगी है, सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, इस मामले में सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति का नाम अजय सिंह है। यह थावे के धतीवना पंचायत के पूर्व मुखिया का भाई है। एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अजय सिंह गोली मार दी है। घटना की वजह आपसी रंजिश है या कुछ और पुलिस जांच कर रही है।
गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड की धतीवना पंचायत का विवादों से पूर्व का ही नाता है। आज से दो साल पूर्व इसी पंचायत के नव निर्वाचित मुखिया सुखल मुसहर की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में भी चुनावी रंजिश का मामला सामने आया था। फिर दोबारा हुए उपचुनाव में सुखल मुसहर के परिजन ही इस पंचायत के मुखिया पद पर काबिज हुए। वहीं, ताजा मामले को लेकर सदर डीएसपी प्रांजल त्रिपाठी ने एसआईटी का गठन करते हुए कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस बहुत जल्द मामले का खुलासा कर लेगी।