हिमाचल विधानसभा में मस्जिद और लव जिहाद पर क्या बोले कांग्रेस के मंत्री कि BJP विधायकों ने दी ताली

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में बने मस्जिद का मुद्दा गरमाता जा रहा है। बुधवार को विधानसभा में सुक्खू सरकार के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मस्जिद और लव जिहाद पर कुछ ऐसा बोला कि भाजपा के विधायक ताली बजाने लगे। अनिरुद्ध सिंह ने मस्जिद निर्माण को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा, ‘क्या प्रशासन से मंजूरी ली गई मस्जिद बनाने की?’
प्रशासन कहां सो रहा था: अनिरुद्ध सिंह
सुक्खू सरकार के मंत्री ने कहा, ‘मैं किसी समुदाय के खिलाफ नहीं हूं। लेकिन बिना परमिशन के इन्होंने 2010 में काम शुरू किया। इसके बाद 2500 वर्ग फुट का अवैध निर्माण किया गया। साल 2012 में उसपर सुनवाई हुई। उसके बाद भी ये लोग माने नहीं। अवैध निर्माण चलता रहा। साल 2019 तक चार अतिरिक्त मंजिल का अवैध निर्माण हो चुका था। जब 2010 में केस चल रहा था तब 2019 तक चार मंजिला कैसे बनी? प्रशासन कहां सो रहा था?’
संजौली में औरतों का चलना मुश्किल: अनिरुद्ध सिंह
कांग्रेस नेता अनिरुद्ध सिंह ने आगे कहा, ‘एक और हैरानी वाली बात है… जो उसकी (मस्जिद) जमीन है वह हिमाचल प्रदेश सरकार की है। हमारी सरकार किसी के खिलाफ नहीं है। लेकिन मैं यह मुख्यमंत्री जी से आग्रह करूंगा कि यह पता करा जाए कि इसमें जो भी शामिल हैं वह कहां-कहां से हैं। आज संजौली बाजार में औरतों का चलना मुश्किल हो गया है। ऐसे-ऐसे कमेंट पास होते हैं। मैं व्यक्तिगत गवाह हूं उसका।’
लव जिहाद को बताया खतरा
अनिरुद्ध सिंह ने आगे कहा, लव जिहाद पर भी ध्यान देने वाली बात है। यह हमारे देश और प्रदेश के लिए बहुत खतरनाक है। हिंसा हो रहा है। क्या हमारे लोकल लोगों ने हिंसा शुरू किया? यह भी पता किया जाए। मैं मुख्यमंत्री जी से डिमांड करता हूं कि हिमाचल में जो भी काम करने आए उसका वेरिफिकेशन किया जाए। पेशी (मस्जिद मामले) 7 सितंबर को लगी है। मैं प्रशासन से भी बोलता हूं… 14 साल हो गए। अभी तक 44 पेशियां लग चुकी हैं। इन्हें यही नहीं पता कि जमीन किसकी है? नक्शा कैसे पास हो सकता है सरकार की जमीन पर? अगर कब्जाधारी की है तो सबसे पहले नक्शा रद्द किया जाए। अवैध निर्माण पर ऐक्शन लिया जाए।’ इस दौरान अनिरुद्ध सिंह के बगल में बैठे मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुस्कुराते हुए नजर आए।