Published On: Fri, Aug 9th, 2024

गंगा, गंडक समेत बिहार की 9 नदियां उफान पर, इन जिलों पर बाढ़ का खतरा, भारी बारिश का भी अलर्ट


बिहार की नौ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंगा, गंडक, कोसी, बागमती, लखनदेई व परमान नदी के बाद अब बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा नदी का जलस्तर भी कई स्थानों पर खतरे के निशानके पार पहुंच गया है। गंगा में उफान से बक्सर, भोजपुर, पटना और खगड़िया जिले के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी फैल गया है। गंगा नदी पटना के गांधीघाट, कहलगांव और सुल्तानगंज में खतरे के निशान को पार कर गई है। सुल्तानगंज में श्रावणी मेला के लिए आए कांवरियों को सचेत किया गया है कि बैरिकेडिंग के पार कदापि न जाएं। साथ ही यहां एसडीआरएफ व गोताखोरों को नाव पर 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया है।

बक्सर से खगड़िया के बीच गंगा के दियारे में बाढ़ का पानी फैल जाने से खेतों में लगी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। गंगा के किनारे के कुछ गांव भी बाढ़ से घिरे हैं। भोजपुर के बड़हरा में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 4 सेंटीमीटर नीचे है। बधार में पानी फैल जाने से लौकी व अन्य लत्तर वाली सब्जियों को नुकसान हुआ है।

बेगूसराय में गंगा बाया नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से बेगूसराय के बछवाड़ा प्र्रखंड के पांच स्कूलों में पानी भर गया है। इससे पढ़ाई बाधित है। चार स्कूल विशुनपुर और एक दादुपुर पंचायत के हैं। चमथा दियारे की पांच पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क पर कई जगह करीब 3 फीट ऊंचा पानी बह रहा है। गंगा के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ का पानी बलिया दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में फैल रहा है।

पटना में उफनाई गंगा का CM नीतीश ने लिया जायजा, जेपी-कंगन घाट भी पहुंचे

कोसी चार स्थानों सुपौल, भागलपुर, कटिहार व खगड़िया में लाल निशान से ऊपर है। शुक्रवार शाम चार बजे कोसी बराज पर कोसी नदी का एक लाख 84 हजार 685 क्यूसेक डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता वरुण कुमार ने बताया कि कोसी बराज के 23 फाटक खोल कर पानी का बहाव किया जा रहा है। इधर, तटबंध के अंदर सदर प्रखंड के मुंगरार, घूरन, दिधिया, दुबियाही गांव के लोगों के आंगन में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। किशनपुर प्रखण्ड के मौजहा वार्ड चार में के दो दर्जन घर कोसी नदी में विलीन हो चुके हैं।

देश में मानसून के सक्रिय रहने के कारण शनिवार को गोपालगंज, सिवान व सारण में बहुत भारी और पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा पटना सहित दक्षिण-मध्य, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य के शहरों में गरज व तड़क के साथ मध्य स्तर की बारिश का अलर्ट है। इधर, शुक्रवार को नालंदा, किशनगंज, पूर्णिया, पटना, गया और रोहतास जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>