लखनऊ में लड़की से बदसलूकी- 2 IPS हटाए गए: योगी बोले- आरोपियों में एक पवन यादव, दूसरा मोहम्मद अरबाज, ये सपा के सद्भावना वाले – Uttar Pradesh News
यह फोटो लखनऊ के मरीन ड्राइव की है। बारिश के बाद यहां पानी भरा तो हुड़दंगियों ने लड़की को बाइक से गिरा दिया। उसके साथ बदसलूकी की।
लखनऊ में सड़क पर भरे पानी को लड़की पर उछालने और बदसलूकी करने की घटना के बाद सरकार ने गुरुवार, 1 अगस्त को 2 आईपीएस, एक ACP का हटा दिया। इसके अलावा प्रभारी समेत पूरी पुलिस चौकी को सस्पेंड कर दिया।
.
यह मामला विधानसभा में भी उठा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मेरे पास पूरी लिस्ट आई है। पहला अपराधी- पवन यादव। दूसरा- मोहम्मद अरबाज। सपा का नाम बिना लिए कहा कि ये हैं आपके सद्भावना वाले लोग। हम इनके लिए सद्भावना ट्रेन चलाएंगे क्या? इनके लिए बुलेट ट्रेन चलेगी। अब आप चिंता मत करो।’
हुड़दंगियों ने लड़की को बैडटच किया, बाइक से गिरा दिया
घटना 31 जुलाई की है। शाम 4 बजे लखनऊ के ताज होटल के पास मरीन ड्राइव पर पानी भरा था। इसमें 25 से 30 लड़के हुड़दंग कर रहे थे। इसी दौरान लड़की दोस्त के साथ बाइक से गुजरी। लड़की को देखते ही हुड़दंगियों ने पहले उस पर पानी उछाला।
लड़की का दोस्त हाथ से इशारा कर समझाता रहा, लेकिन आरोपियों ने एक नहीं सुनी। लड़की को बचाने के लिए वह बाइक से उतरने की कोशिश करने लगा। हुड़दंगियों से बचने में लड़की भी बाइक से पानी में गिर गई। गिरने के बाद आरोपियों ने लड़की को बैडटच किया। इस दौरान हुड़दंगियों ने हूटिंग भी की। घबराए लड़के ने किसी तरह भरे पानी में बाइक उठाई और दोनों वहां से चले गए।
योगी ने विधानसभा में लखनऊ की घटना पर बयान दिया।
इन फुटेज से समझिए दोस्त को…
युवती लड़के के साथ बाइक पर जा रही थी।
हुड़दंगियों ने पहले लड़के और लड़की पर पानी उड़ाया। फिर घेरकर बदसलूकी की।
युवक ने बाइक से बैलेंस खो दिया, जिससे लड़की गिर गई।
आरोपियों ने लड़की से बैडटच करने को कोशिश भी की।
चौकी इंचार्ज ने खुद FIR कराई, ताबड़तोड़ छापेमारी
घटना के वीडियो पर सीएम ऑफिस ने संज्ञान लिया। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई। अंबेडकर चौराहा चौकी इंचार्ज ने खुद वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया। DCP सेंट्रल ने 3 टीमें गठित की। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से जा चुके थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी निकलवाए। वीडियो से उनकी पहचान की गई। वहां मौजूद बाकी लोगों से पूछताछ की गई।
कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटना के 6 घंटे बाद बुधवार देर रात ही पुलिस ने पवन यादव और सुनील को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार सुबह 2 और आरोपी मोहम्मद अरबाज और विराज साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों पर महिला की लज्जा भंग करने और अश्लीलता की धराएं भी जोड़ दी हैं।
हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे आरोपी
पुलिस ने बताया कि पवन और सुनील लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों ने ही बाइक से आ रही युवती को देखकर युवकों के झुंड को उकसाया था। सबसे पहले इन्हीं दोनों ने पानी फेंकना शुरू किया। वीडियो के आधार पर पहचान की गई, फिर एक्शन लिया गया। सलाखों के पीछे पहुंचने के बाद आरोपी हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे। कहने लगे कि गलती हो गई, छोड़ दीजिए। दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।
गोमती नगर पुलिस ने आरोपी पवन और सुनील को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही इनको लॉकअप में डाला गया हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे। माफी मांगने लगे।
मोहम्मद अरबाज और विराज साहू को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया है। लॉकअप में पहुंचते ही यह दोनों भी अपनी हरकत पर माफी मांगने लगे।
2 IPS अफसरों को हटाया
राजधानी के वीआईपी इलाके में हुई घटना को सीएम योगी ने बेहद गंभीरता से लिया और बड़ा एक्शन लेते हुए दो आईपीएस अफसर DCP पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह, ADCP अमित कुमावत और ACP अंशू जैन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। SHO गोमती नगर दीपक कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी को सस्पेंड कर दिया।
पुलिस ने पहले संक्रमण फैलाने का मुकदमा दर्ज किया, बाद में धाराएं बढ़ाईं
चौकी इंचार्ज ने लड़की को पानी में गिराने की घटना पर पहले जो एफआईआर दर्ज की थी। उसमें बरसात के पानी से संक्रमणकारी रोग फैलने की थी। यह एफआईआर मामूली धाराओं में थी। बाद में पुलिस ने महिला का जबरन पीछा करना। सम्मान को ठेस पहुंचाने की धारा 74 बीएनएस-2023 बढ़ाई। इन धाराओं में 5 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
यह उस एफआईआर की प्रति है, जो चौकी इंचार्ज ने वीडियो के आधार पर खुद दर्ज की थी।
हुड़दंगियों ने बुजुर्ग को भी पानी में गिराया
मरीन ड्राइवर पर हुड़दंगियों ने लड़की से बदतमीजी के अलावा वहां से गुजरने वाले राहगीरों से भी बदसलूकी की। स्कूटी से गुजर रहे एक बुजुर्ग हुड़दंगियों को देखकर उतर गया। इसके बाद भी हुड़दंगियों ने बुजुर्ग पर पानी के छीटें फेंके। इसके बाद बदसलूकी की। फिर बुजुर्ग को धक्का देकर गिरा दिया। हालांकि, बाद में एक युवक ने बुजुर्ग को उठाया।
आरोपियों ने बुजुर्ग से भी बदसलूकी की।
आरोपियों ने बुजुर्ग पर पानी के छीटें फेंके। फिर धकेल दिया।
ये भी पढ़ें..
12 VIDEO में..लखनऊ में सीजन की पहली जोरदार बारिश
15 दिन बाद मानसून बुधवार को लखनऊ पर मेहरबान हुआ। लोगों को भीषण उमस से तो निजात मिल गई, लेकिन 2 घंटे बारिश ने सिस्टम की पोल खोल दी। कुछ लोग सड़कों पर उतरकर बारिश में जमकर भीगे, लेकिन कईयों को दफ्तरों और घरों में पानी भरने से मुश्किलें भी हुईं। पढ़ें पूरी खबर…